
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर-14 मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हरियाणा स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवर ऑल चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। इस प्रतियोगिता में फरीदाबाद ने पांच टाइटल अपने नाम किए हैं।
इनमें लड़कियों ने अंडर-11 व 13 की एकल व युगल प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। इसके अलावा आरवल चावला ने अंडर-11 आयुवर्ग की एकल प्रतिस्पर्धा में टाइटल अपने नाम किया। जिला बैडमिंटन संघ के महासचिव संजय सपरा ने बताया कि अंडर-11 में अनिका सैनी एकल, जबकि दित्या अरोड़ा के साथ युगल प्रतिस्पर्धा में खिताब जीता। इसके अलावा अंडर-13 में ट्विंकल मलिक ने एकल के अलावा शिवानी के साथ जोड़ी बनाकर युगल प्रतिस्पर्धा में जीत हासिल की। पुरस्कार वितरण के दौरान जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. अमित भल्ला मुख्य अतिथि, जबकि एमआरईआई के खेल निदेशक सरकार तलवाड़ विशिष्ट अतिथि रहे।
परिणाम :—-
अंडर-11 की एकल प्रतिस्पर्धा में अनिका सैनी ने खिताबी मुकाबले में गुरुग्राम की समायरा मिश्रा को हराया। अनिका ने यह मुकाबला 21-13, 21-16 से जीता। वहीं आरव सिंह ने गुरुग्राम के आर्यन मेचु को 22-20, 18-21 व 21-16 से हराकर खिताबी मुकाबला जीता। लड़कों की युगल प्रतिस्पर्धा में हिसार के आद्विक अरोड़ा व रोहतक के दीपांशु गुलिया की जोड़ी ने पानीपत के मेधांश अब्बानी व मेघन अब्बानी की जोड़ी को 21-19, 21-11 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। लड़कियों में फरीदाबाद की अविका सैनी व सिरसा की दित्या की जोड़ी ने फरीदाबाद की प्रिशा व गुरुग्राम की समायरा मिश्रा को 21-8, 21-8 से हराया। वहीं अंडर-13 आयुवर्ग की एकल प्रतिस्पर्धा में गुरुग्राम के श्लोक राय चौधरी ने रेवाड़ी के कवीश यादव को 21-13, 21-13 से हराया। लड़कियों की एकल प्रतिस्पर्धा में फरीदाबाद की ट्विंकल मलिक ने पानीपत की सान्वी को 21-13, 21-17 से हराकर अंडर-13 का खिताब अपने नाम किया। वहीं युगल प्रतिस्पर्धा में रेवाड़ी के कवीश यादव व कियान यादव ने रोहतक के जागृत व श्रेयांश दहिया की जोड़ी को 21-15, 21-9 से मात दी। लड़कियों की युगल प्रतिस्पर्धा में पानीपत सान्वी व फरीदाबाद की ट्विंकल मलिक की जोड़ी ने हिसार की ज्योति व कुरुक्षेत्र की परी की जोड़ी को हराया।
