
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / पलवल :– श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से सम्बद्ध सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक विषय पढ़ने वाले 78169 विद्यार्थियों की प्रैक्टिकल एसेसमेंट का अभियान पूरा किया है। इनमें दसवीं कक्षा के 43469 और बारहवीं के 34700 विद्यार्थी शामिल हैं। 15 दिन चले इस अभियान में 350 से भी ज़्यादा मूल्यांकनकर्ताओं की टीम लगाई गई थी। इस व्यापक अभियान की सफलता के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सुशील कुमार तोमर ने मूल्यांकन एवं प्रमाणन विभाग की टीम को बधाई दी है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सरकारी स्कूलों के व्यवसायिक विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों के प्रैक्टिकल एसेसमेंट का दायित्व श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय को मिला और 15 दिन में बड़ा अभियान चला कर 22 जिलों यह अभियान पूरा किया गया। मूल्यांकन एवं प्रमाणन विभाग की संयुक्त निदेशक शिखा गुप्ता ने बताया कि 15 सेक्टर में 27 जॉब रोल में 78169 विद्यार्थियों का प्रैक्टिकल मूल्यांकन किया गया है। इसके लिए 15 टीम लीड बनाई गई थी। इसी मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर दसवीं और बारहवीं कक्षा का व्यवसायिक विषयों का परिणाम तैयार होगा।
सबसे ज़्यादा आईटी के 25476 विद्यार्थियों, ब्यूटी एंड वेलनेस के 13656 विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया गया, जबकि हेल्थ केयर के 9419 और रिटेल मैनेजमेंट के 6183 विद्यार्थी इस अभियान में शामिल हुए। संयुक्त निदेशक शिखा गुप्ता के अनुसार ऑटोमोटिव के 6518, फिजिकल एजुकेशन के 5601, एग्रीकल्चर के 4093, बैंकिंग एंड फाइनेंस के 2269, अपेरल में 1928, टूरिजम एंड हॉस्पिटैलिटी में 1995, प्राइवेट सिक्योरिटी में 1551, पॉवर सेक्टर में 171 प्लंबिंग में 123 और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में 63 विद्यार्थियों का असेसमेंट किया गया।
कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने कहा कि श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय को यह बहुत बड़ा दात्यित्व मिला है। मूल्यांकन को अधिक सटीक और प्रमाणिक बनाने के लिए पूरे प्रयत्न किए गए हैं। उन्होंने इस मिशन को पूरा करने के लिए मूल्यांकन एवं प्रामाणिक विभाग की टीम को बधाई दी। अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर आर एस राठौड़ ने कहा कि इतना बड़ा अभियान पूरा करना गौरव की बात है। संयुक्त निदेशक शिखा गुप्ता ने इस अभियान में लगे गुणवत्ता नियंत्रक सचिन गुप्ता, बिजनेस डेवलपमेंट हेड दीपक दुहन और प्रबंधन में लगे हीना, रजनी, जितेंद्र और नंदिनी को बधाई दी। संयुक्त निदेशक शिखा गुप्ता ने कहा कि कुलपति प्रोफेसर सुशील कुमार तोमर और कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा के नेतृत्व में हमने यह अभियान पूरा किया है।
