
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉ. अर्चना भाटिया ने बी.कॉम (जीआईए) में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर व मेधावी छात्रों की सहायता के लिए ‘सशक्त कदम छात्रवृत्ति’ योजना की शुरुआत की |
इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य बी.कॉम (जीआईए) विभाग के छात्रों को उनकी आवश्यकता व योग्यता के आधार पर उनकी फीस का 50% प्रायोजित करके सहायता प्रदान करना है। इसके लिए कुल 55 छात्रों ने पंजीकरण कराया। आवेदनों के सावधानीपूर्वक मूल्यांकन के बाद 35 छात्रों को व्यक्तिगत साक्षात्कार दौर के लिए चुना गया जिसका संचालन वाणिज्य (जीआईए) में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजू गुप्ता और छात्रवृत्ति समिति की सदस्य और सहायक प्रोफेसर आरती कुमारी ने किया।
साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान समिति ने उम्मीदवारों की वित्तीय ज़रूरतों और शैक्षणिक योग्यता दोनों पर ध्यान केंद्रित किया। इस शैक्षणिक वर्ष के लिए सशक्त कदम छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए चार योग्य छात्रों क्रमशः वंशिका – प्रथम वर्ष, जतिन प्रथम वर्ष, गरिमा – प्रथम वर्ष व चांदनी – अंतिम वर्ष का चयन किया गया।
डॉ. अर्चना भाटिया ने सशक्त कदम छात्रवृत्ति के पीछे के उद्देश्य और दृष्टिकोण को छात्रों के साथ साझा किया। उन्होंने अपने आजीवन आधार पर यह छात्रवृत्ति प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की और डॉ. अंजू गुप्ता को भविष्य के प्राप्तकर्ताओं के चयन की जिम्मेदारी सौंपी। इस पूरे कार्यक्रम आयोजन में आरती कुमारी की भूमिका भी काफी सराहनीय रही |




