
फरीदाबाद, जनतंत्र टुडे / तिगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजेश नागर ने आज दशहरा के दिन अनेक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भागीदारी की और जनता को दशहरा की शुभकामनाएं दीं।उन्होंने रावण के पुतले का भी दहन किया। विधायक राजेश नागर ने आज पुरी प्राणायाम, एसपीआर सोसाइटी, वर्ल्ड स्ट्रीट, इस्माइलपुर, सेक्टर 37 आदि स्थानों पर आयोजित दशहरा उत्सवों में भागीदारी कर लोगों के साथ संवाद किया।
नागर ने कहा कि बुरे का अंत हमेशा बुरा ही होता है। रावण विद्वान होने के बावजूद अपनी बुराई के कारण आज हजारों वर्षों के बाद भी बुराई का प्रतीक बनकर सामने खड़ा है। नागर ने कहा कि हमें केवल पुतले का दहन करके ही नहीं रुक जाना चाहिए बल्कि अपने जीवन से समस्त बुराइयों को दूर कर देना चाहिए। नागर ने कहा कि हम सब ने अभी नौ दिन माता की नवरात्रि में भागीदारी कर अपने मन को निर्मल किया है और आज विजयदशमी के दिन बुराई के प्रतीक रावण को हम दहन कर रहे हैं तो प्रण भी लें कि अब किसी प्रकार की बुराई हमारे नजदीक नहीं आ पाएगी।
विधायक राजेश नागर ने कहा कि जैसे हम और आप सभी दीवाली से पूर्व घर दफ्तर दुकान की सफाई करते हैं इसी प्रकार से हमें अपने समाज की सफाई भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को गंदा करने के लिए कोई अलग से लोग नहीं आते हैं बल्कि हमारे साथ ही रहते हैं। केवल हमारे द्वारा अनदेखा किया जाने के कारण ताकतवर हो जाते हैं। आज हम सबको प्रण लेना होगा कि हम समाज में व्याप्त हर प्रकार की बुराई के खिलाफ आवाज उठाएंगे और एकता के साथ देश व समाज को आगे बढ़ाएंगे।
राजेश नागर ने कहा कि कहते थे कि हरियाणा में कोई सरकार लगातार तीसरी बार नहीं आयी थी लेकिन आप सभी ने तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार चुनकर एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। यह रिकार्ड बताता है कि हरियाणा की जनता को विकास करने वाले मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पसंद हैं। मैं आप सभी को अपना वादा दोहराता हूं कि आप लोगों के लिए हमेशा सेवा में उपलब्ध रहूंगा और पहले से भी अधिक शक्ति के साथ क्षेत्र की सेवा करूंगा।
