
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ डीएवी शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद में उच्चतर शिक्षा निदेशालय, हरियाणा के निर्देशानुसार नशा उन्मूलन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य को अंधकार की ओर ले जाता है। इससे लड़ने के लिए हमें मिलकर एक सशक्त अभियान चलाना होगा उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, सामर्थ्य और सोचने-समझने की शक्ति को समाप्त कर देता है, इसलिए इसके विरुद्ध निरंतर जागरूकता जरूरी है।
महाविद्यालय के योग प्रशिक्षक उमेश कुमार ने सभी छात्रों, एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स व वाईआरसी सदस्यो को शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने ‘नशा भगाओ- देश बचाओ’, ‘Say No to Drugs’, और ‘स्वस्थ युवा, सशक्त राष्ट्र’ जैसे प्रभावशाली नारे लगा कर एक सकारात्मक माहौल पैदा किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को राज्य और समाज में फैल रहे नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी का भाव पैदा करना। शपथ ग्रहण समारोह में लगभग 30 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. योगेश (संयोजक) और डॉ. सारिका सैनी के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम का समापन छात्रों द्वारा लिए गए इस संकल्प के साथ हुआ कि हम खुद भी नशे से दूर रहेंगे और अपने साथियों को भी इससे बचाएंगे।
