
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
पौधों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद ने ‘पौधा देखभाल दिवस’ मनाया और पेड़ों को अपनाने एवं बचाने के लिए अभियान की शुरूआत की। अभियान का शुभारंभ कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने विश्वविद्यालय परिसर में लगाये गये पौधों को सिंचित कर की। ये पौधे हाल ही में विश्वविद्यालय द्वारा मनाए गए हरियाली पर्व के दौरान विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों द्वारा लगाए गए थे।
इस अवसर पर डीन (कॉलेज) प्रो. तिलक राज, पर्यावरण इंजीनियरिंग की अध्यक्ष डॉ. रेणुका गुप्ता तथा डीएसडब्ल्यू एवं वसुंधरा ईको क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे।इस अवसर पर बोलते हुए कुलपति प्रो. तोमर ने कहा कि पौधा लगाने से कहीं अधिक महत्वपूर्ण पौधा लगाने के बाद की देखभाल है जिसके लिए समर्पित भाव से काम करने की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ लगाएं और उसकी उचित देखभाल करें तो प्रकृति के संवर्धन के लिए इससे अच्छा कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया और कहा कि वे पेड़-पौधों की देखभाल करें और प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
प्रो. तोमर ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के लिए पौधारोपण तथा पढ़ाई के दौरान पौधों की उचित देखभाल को अनिवार्य बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदार बनाना है, जो कि समय की मांग है। इस मौके पर एमएससी (पर्यावरण विज्ञान) और वसुंधरा ईको क्लब के छात्र सदस्यों ने विश्वविद्यालय में लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लेने के संकल्प लिया।







