
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ सड़क सुरक्षा और नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद की जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड गाइड्स ने प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता और ट्रैफिक ताऊ वीरेंद्र की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम में यातायात के नियमों की अनुपालना की शपथ ली। जूनियर रेडक्रॉस और ब्रिगेड अधिकारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि हमारे देश में यातायात के नियमों की अवहेलना, सड़क पर संयम से वाहन न चलाने तथा सड़कों के फ्रेंडली एवम उचित रखरखाव न होने के कारण प्रति वर्ष 155000 से भी अधिक व्यक्ति मृत्यु का ग्रास बन जाते हैं। प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवा कर तथा हेलमेट पहन कर ही द्विपहिया वाहन चलाना चाहिए।
ट्रैफिक ताऊ वीरेंद्र ने कहा कि क्योंकि सड़क दुर्घटना में जीवन गवाने वाले व्यक्तियों के परिवारों के लिए अपूर्णीय क्षति के अतिरिक्त समाज और देश के लिए भी कभी भी भरपाई ने होने वाली बहुत बड़ी हानि सिद्ध होती है। इसलिए हम सभी को सड़क पर चलते समय यातायात के नियम जैसे सीट बेल्ट पहनना, मोबाइल पर बातें न करना, बाइक पर ट्रिपल राइडिंग न करना आदि सभी की पालना सुनिश्चित करनी है।
प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा और सभी स्टाफ सदस्यों एवम विद्यार्थियों ने शपथ ली कि हम सड़क पर वहां चलाने से पूर्व सभी सुरक्षा संबंधी तथ्यों का ध्यान रखूंगा। यातायात नियमों का स्वयं पालन करूंगा और परिवार के सदस्यों से पालन करवाऊंगा। दोपहिया वाहन चलाते समय सदैव हेलमेट पहनूंगा। कार चलाते समय सदैव सीटबेल्ट लगाऊंगा। कभी भी शराब अथवा नशे की अवस्था में गाड़ी नहीं चलाऊंगा।
वाहन चलाते समय कभी भी मोबाइल पर बातें नहीं करूंगा। मैं सदैव एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड गाड़ियों को पहले निकलने के लिए पर्याप्त साइड दूंगा। सड़क दुर्घटना के घायलों और पीड़ितों की सहायता और प्राथमिक सहायता के लिए सदैव तत्पर रहूंगा। विद्यालय में उपस्थित सभी 2000 विद्यार्थियों और अध्यापकों एवम स्टाफ सदस्यों ने यह शपथ ली। विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड सदस्यों ने पोस्टर बना कर सभी को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के लिए जागरूक किया तथा सदैव अपने मित्रों, संबंधियों और पारिवारिक जनों को भी रोड सेफ्टी के लिए सजग रहने की अपील की।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने ट्रैफिक ताऊ, प्राध्यापक जितेंद्र गोगिया, प्राध्यापिका दीपांजलि, निखिल, गीता, सुशीला, सरिता एवं सभी विद्यार्थियों का कार्यक्रम सफल बनाने हेतु आभार व्यक्त किया।
