
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अटाली गांव स्थित शहीद संदीप सिंह खेल स्टेडियम में शुक्रवार को फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का शुभारंभ जिला परिषद के वाइस चेयरमैन धर्म चौधरी ने किया। इस अवसर पर सरपंच नफे सिंह, लहरी सैनी, दुलीचंद, शीशपाल,पूर्व सरपंच एदल,बिरगभान फौजी, राजेंद्र गौड़ उर्फ बब्बे, मास्टर मुकेश चौधरी, राधाचरण, दीपक, प्रवीण शर्मा, दामोदर शर्मा, रामसिंह, योगेंद्र, सोमदत्त, जोगेंद्र, छुट्टन सहित गणमान्य लोग मौजूद थे। फुटबॉल टूर्नामेंट में हरियाणा,उत्तरप्रदेश, दिल्ली, पंजाब सहित अन्य राज्यों की 16 टीमों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट में पहला मैच अलीगढ़ की टीम और भिवाडी फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। जिसमें खिलाडिय़ों ने बेहतर खेल प्रदर्शन किया। इस रोमांचकारी मैच में अलीगढ़ की टीम ने यह मैच 1 गोल से जीत लिया। दूसरा मैच सुपा स्ट्राइकर फरीदाबाद बनाम डीएफसी के बीच खेला गया। यह मैच डीएफसी दिल्ली की टीम ने 2:0 से जीत लिया। वाइस चेयरमैन धर्म चौधरी ने कहा कि पिछले कई वर्षो से गांव अटाली में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें दूर दराज के फुटबॉल के खिलाड़ी भाग लेते है। यह गांव अटाली के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देना है।
शहीद संदीप सिंह खेल स्टेडियम के माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भी खेलों को बढ़ावा दे रही है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल हासिल करने वाले खिलाडियों को खेल विभाग द्वारा उचित इनाम दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि खिलाड़ी खेलों में भाग लें और देश का नाम रोशन करें।







