
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / को कुमाऊँ संघ द्वारा उत्तरायणी कार्यक्रम का आयोजन बड़े धूमधाम से
एनएच -4 कम्युनिटी सेंटर में किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अम्बा दत्त ने की। कार्यक्रम में संस्था के गणमान्य व्यक्तियों
जैसे कि फाउंडर मेंबर श्री प्रयाग दत्त पंत जी, कुंवर सिंह बिष्ट , जगन्नाथ जोशी जी , हेम चंद बेलवाल और वरिष्ठ
सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलन किया। मंच संचालन महेश बिष्ट जी, सतीश जोशी जी और प्रियंका बोरा जी द्वारा किया गया।
इस रंगारंग कार्यक्रम में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक-गायक शिव दत्त पंत जी और श्रीमति लीला बिष्ट द्वारा सुंदर लोक संगीत
और नृत्य की प्रस्तुतियाँ दी गईं। साथ ही कुमाऊँ संस्था के सदस्यों ने भी शानदार उत्तराखंड की पारंपरिक नृत्य और गीतों की
प्रस्तुतियां दीं।
उत्तराखंड के इस शानदार लोक पर्व की शोभा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। इस कौतिक में, हर साल की तरह,
कुमाऊँ के पारंपरिक रिवाज के अनुसार खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया गया। करीब 5000-6000 लोगों के जनसमूह में संस्था
द्वारा शानदार खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया।
इस उपलक्ष्य पर संस्था के प्रधान भुवन चंद पंत जी से हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि संस्था इस कार्यक्रम को अपना वार्षिक
महोत्सव के रूप में हर साल आयोजित करती है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के उत्तराखंडवासियों को एकजुट करना और नई पीढ़ी
को उत्तराखंड के गौरवमयी इतिहास से अवगत कराना है। श्री पंत जी ने यह भी बताया कि इस एक दिवसीय कार्यक्रम के लिए
उनकी कार्यकारिणी टीम को लगभग दो महीने तक कठिन परिश्रम करना पड़ता है। इसमें लोगों से सहयोग राशि जुटाने से लेकर,
संस्था के बच्चों को उत्तराखंडी लोक गीत और नृत्य की तैयारियां कराना शामिल है ताकि वे अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े रहें
और उसे समझ सकें।
श्री पंत जी ने आगे बताया कि संस्था न केवल उत्तराखंडी संस्कृति के तीज-त्योहारों का आयोजन करती है, बल्कि सामाजिक
सुधार और सनातन धर्म के प्रचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस दिशा में सांस्कृतिक जागृति और कार्यक्रमों की
जिम्मेदारी संस्था के उपप्रधान श्री नन्द किशोर बवाड़ी जी निभाते हैं, और इस उत्तरयणी कार्यक्रम में सभी प्रस्तुतियों का निर्देशन
भी श्री बवाड़ी जी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
सनातन धर्म के प्रचार की जिम्मेदारी संस्था के उपाध्यक्ष श्री केशवानंद ममगई जी के पास है। उनके नेतृत्व में पिछले वर्ष 2024
में संस्था ने शिव मंदिर का निर्माण कर वहां भव्य मूर्ति स्थापना की। संस्था के सचिव श्री वीरेंदर बिष्ट जी की अगुवाई में संस्था
सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय है, जैसे वृक्षारोपण, गरीब परिवारों को गर्म कपड़े और कम्बल वितरण एवं रक्तदान शिविरों का
आयोजन समय समय पर किया जाता है।
