
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ ओ३म योग संस्थान ट्रस्ट, पाली, फरीदाबाद में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ओ३म शिक्षा संस्कार सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ ने प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास में भाग लेकर योग के महत्व को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व योगीराज डॉ. ओ३मप्रकाश महाराज (संस्थापक एवं अध्यक्ष – ओ३म योग संस्थान ट्रस्ट, पाली, फरीदाबाद) ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक लाभों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर संस्थान परिसर में अनुशासित एवं उत्साही वातावरण देखने को मिला। प्रतिभागियों की उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता ने इस कार्यक्रम को अत्यंत सफल और प्रेरणादायक बना दिया।
डॉ. महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की विद्या है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह भी किया।




