
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ डीएवी शताब्दी कॉलेज, फरीदाबाद के एनसीसी कैडेट कैप्टन अभिषेक चौहान को कैडेट वेलफेयर सोसाइटी (CWS) योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति प्रदान की गई। यह छात्रवृत्ति उन्हें 1 हरियाणा नेवल यूनिट, फरीदाबाद में यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन (इंडियन नेवी) विक्रम सैगट द्वारा प्रदान की गई।
हर वर्ष पूरे देश से 1000 शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट एनसीसी कैडेट्स को यह छात्रवृत्ति दी जाती है, जिसकी राशि ₹6,000 प्रति कैडेट होती है। अभिषेक चौहान, जो डीएवी शताब्दी कॉलेज में बीसीए के अंतिम वर्ष के छात्र हैं, ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है।
कॉलेज की प्रभारी प्राचार्या डॉ. अर्चना भाटिया ने अभिषेक और उनके परिवार को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
यह सम्मान डीएवी शताब्दी कॉलेज की एनसीसी यूनिट की निरंतर उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ता है, जो छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व और शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के प्रति प्रतिबद्ध है।







