
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लबगढ़ के एनएसएस के तत्वाधान में आयोजित अंतर्महाविद्यालय राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का परिणाम आज दिनांक 04.10.2022 को घोषित किया गया। एनएसएस दिवस व गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने बाजी मारी। प्रथम स्थान पर ज्योति कश्यप (बीकॉम प्रथम वर्ष),जीवीएम गर्ल्स कॉलेज सोनीपत, दूसरे स्थान पर संयुक्त रुप से अग्रवाल महाविद्यालय बल्लबगढ़ की छात्राएं प्रेमलता (एमए हिंदी अंतिम वर्ष)और छमा मित्तल(बी.ए. तृतीय वर्ष), तीसरे स्थान पर हर्षप्रीत कौर (बीकॉम द्वितिय वर्ष) देव समाज कॉलेज फॉर गर्ल्स अंबाला और सांत्वना पुरस्कार नेहा (बीकॉम अंतिम वर्ष) राजकीय कन्या महाविद्यालय मानेसर गुरुग्राम ने प्राप्त किया। अग्रवाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० कृष्णकांत गुप्ता ने विजयी छात्राओं को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत गुप्ता ने छात्राओं की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके मन- मस्तिष्क में राष्ट्रवाद व राष्ट्रीय निर्माण के प्रति सकारात्मक समझ व दृष्टिकोण विकसित करती हैं। विजयी छात्राओं को ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। एनएसएस इकाई-एक की कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुप्रिया ढांडा ने बताया कि इस इंटर कॉलेज राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 82 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया और निबंध लेखन का विषय “आधुनिक युग में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के विचारों की प्रासंगिकता” रहा । अग्रवाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने महाविद्यालय की एनएसएस की तीनों इकाइयों को प्रतियोगिता की सफलता के लिए बधाई दी।
