
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / विद्युत मंत्रालय के निर्देश पर आरईसी लिमिटेड द्वारा भारत मंडपम में विद्युत वितरण क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) टेक्नोलॉजी के उपयोग पर केंद्रित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें जूरी सदस्य की भूमिका एनपीटीआई के महानिदेशक हेमंत जैन ने निभाई। महानिदेशक हेमंत जैन को निष्पक्ष रूप से जूरी सदस्य की जिम्मेदारी निभाने पर केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने सम्मानित किया, जोकि एनपीटीआई के लिए गौरव का क्षण था। छह-सात दिसंबर 2025 को आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में पूरे देश के 195 आवेदकों ने हिस्सा लिया। जिसमें से मात्र 51 संगठनों को प्रस्तुति और प्रदर्शनी का अवसर दिया गया। इन संगठनों की प्रस्तुति और प्रदर्शनी को जज करने के लिए जूरी सदस्य के रूप में एनपीटीआई के महानिदेशक हेमंत जैन को चुना गया।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल और मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल सहित शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन में बिजली वितरण से जुड़े चार प्रमुख वर्गडिस्कॉम, एएमआईएसपी, टीएसपी और एचएएसपी के माध्यम से नई तकनीकों के प्रभाव पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) आधारित एप्लीकेशन पूर्वानुमानित रखरखाव में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
भारत सरकार अब बिजली क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और मशीन लर्निंग (ML) का तेजी से उपयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। इसका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं के बिजली बिल कम करना और देश में ऊर्जा का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है।
