
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
मतदाताओं की वोट को वापस बूथ नंबर 100, 101, 102, 103 एवं 104 में शिफ्ट की जायें। वोट अपने बूथ पर न होने के कारण वोट कम डलती हैं। वहीं कुछ लोगों की वोट प्रशासन द्वारा बिना कोई कारण बताए काट की गई, जिनको फिर से मतदाता सूची में जोड़ा जाए। इसके अलावा कुछ ऐसे मतदाता जिनकी मृत्यु हो चुकी है उनकी वोट सूची में दर्ज हैं, उन्हें तत्काल काटा जाए।
उक्त सुझाव आरडब्ल्यूए महावीर नगर ओल्ड फरीदाबाद के प्रतिनिधि के तौर पर टेकचन्द्र नन्द्राजोग (टोनी पहलवान) ने आज सेक्टर 12 स्थित लघु सचिवालय फरीदाबाद विधानसभा चुनाव बूथों के संबंध में जिला उपायुक्त विक्रम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में रखा। इस अवसर पर एसडीएम फरीदाबाद शिखा आंतिल व एसडीएम बडखल अमित मान भी उपस्थित रहे।
समाजसेवी टोनी पहलवान ने बताया कि आरडब्ल्यूए महावीर नगर में तीन हजार से ज्यादा मतदाता हैं। इनमें से कुछ मतदाताओं को दूसरे बूथों पर शिफ्ट कर देने के चलते हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में यहां मतदान कम हुआ, क्योंकि दूर के बूथों पर जाने में मतदाताओं को परेशानी होती है, इसलिए इन्हें उपरोक्त बूथों पर ही दुबारा दर्ज कराया जाए ताकि यहां का वोट प्रतिशत बढ़ाया जा सके।
आरडब्ल्यूए का यह भी कहना था कि बहुत से ऐसे मतदाताओं के नाम अभी भी मतदाता सूची में दर्ज हैं जिनका निधन हो चुका है, ऐसे वोटरों के नाम तुरंत मतदाता सूची से हटाए जाएं। इसके अलावा बहुत से ऐसे लोगों की वोट काट दी गई हैं जो जीवित हैं, ऐसे लोगों की वोट तुरंत मतदाता सूची में दर्ज की जाएं। इस पर उपायुक्त महोदय ने आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द इन त्रुटियों को दुरूस्त कर दिया जाएगा। आरडब्ल्यूए की इसके लिए जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
