
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अतिथि अध्यापकों की बैठक जिला संयोजक ईनामी सिंह तेवतिया की अध्यक्षता में सैक्टर-3 बल्लभगढ़ में हुई। बैठक में यमुनानगर में अतिथि अध्यापकों पर हुए लाठीचार्च पर रोष जताते हुए सरकार द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही की निन्दा की गई। संयोजक ने अतिथि अध्यापकों से अपील करते हुए कहा कि अपने हकों की लड़ाई के लिए 10 जनवरी को जगाधरी में होने वाली अधिकार रैली में बढ़-चढ़कर भाग लें।
इस रैली में आगामी संघर्ष के लिए बड़ा फैंसला लिया जाएगा। जिला प्रधान रघु वत्स ने बताया कि लम्बे समय से अतिथि शिक्षक प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं। जिससे विद्यालयों में छात्रों की संख्या और परीक्षा परिणाम में बढ़ोत्तरी हुई है।
अतिथि अध्यापक 18 वर्षों से विद्यालयों में बड़ी ईमानदारी के साथ शिक्षा को प्रभावी बनाने के लिए बुनियादी ढ़ांचा तैयार कर रहे हैं, लेकिन भापजा सरकार अतिथि अध्यापकों की तरफ सहानुभुति पूर्वक कोई कदम नहीं बढ़ाया। भाजपा सरकार ने भी पूर्व की सरकारों की भांति केवल खोखले वादे ही किए हैं। उन्होंने सरकार को याद दिलाते हुए कहा कि भापजा ने सत्ता में आने से पूर्व अतिथि अध्यापकों को पहली कलम से नियमित करने का वायदा किया था। जिसे भाजपा सरकार अब भूल चुकी है। अपने हकों के लिए यमुनानगर में आवाज उठाने वाले अतिथि अध्यापकों को दबाने के लिए भाजपा सरकार ने उन पर लाठियां बरसा कर घायल कर दिया जोकि अध्यापकों के साथ अन्याय किया।
विदित हो कि 10 जनवरी, बुधवार को प्रदेशभर का अतिथि अध्यापक यमुनानगर में अधिकार रैली करने जा रहे हैं। जिसमें फरीदाबाद के अतिथि अध्यापक बसों और नीजी वाहनों से पहुंचेंगे और भाजपा ने किए वादे की याद दिलाने का काम करेंगे।
इस अवसर पर ईनामी सिंह तेवतिया, रघु वत्स, उमेश शर्मा, ललित शर्मा, भागीरथ शास्त्री, विजयपाल नरवाल, सुन्दर भड़ाना, मनोज शास्त्री, राजीव जैन, सैलेन्द्र मिश्रा, कुलदीप, दुष्यन्त त्यागी, राजकुमार शर्मा, ऋतु राज, जितेन्द्र कुमार, विनोद भाटी, केशव कुमार, नवीन, कमल, यशपाल, इन्द्रजीत, संतोष तेवतिया, पारूल गुप्ता, नीलम भाटी, प्रवीण कुमारी, पुष्पा रानी, मुनेश चौहान अतिथि अध्यापक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
