
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में योग क्लब समर्पण द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अग्रवाल कॉलेज गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता उपस्थित थे। साथ ही अग्रवाल कॉलेज प्राचार्य डॉ संजीव कुमार गुप्ता, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे । इस बार दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम “महिला सशक्तीकरण के लिए योग” रखा गया है जिसका उद्देश्य महिलाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाना है। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुई।
तत्पश्चात योग प्रशिक्षक श्याम आर्य और मैडम पूजा के निरीक्षण में लगभग 1 घंटे तक कॉलेज के समस्त प्रवक्ताओं और विद्यार्थियों ने योगाभ्यास किया। इस अवसर पर वाई.आर.सी, आर.आर.सी, सेंट जॉन एंबुलेंस, स्वच्छता सेनानी, एन.सी.सी और डी.एस.सी क्लब के सभी विद्यार्थी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि योग हमारे दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा है। अगर हम स्वस्थ रहेंगे तभी कोई भी कार्य ठीक ढंग से कर पाएंगे ।
अतः योग को अपने जीवन में जरूर अपनाना चाहिए। अग्रवाल कॉलेज प्राचार्य डॉ संजीव कुमार गुप्ता ने योग दिवस के अवसर पर अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। योग का हमारे जीवन में बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। हमें इसे अपनाना चाहिए ताकि हम स्वस्थ रहें। कार्यक्रम में योग क्लब के छात्र-छात्राओं ने योग प्रदर्शन कर सभी को मन्त्रमुग्ध कर दिया।
अग्रवाल कॉलेज के 153 विद्यार्थियों और समस्त शिक्षक एवं गैर शिक्षक स्टाफ के सहयोग से यह कार्यक्रम सार्थक एवं सफल सिद्ध रहा। कार्यक्रम संयोजक डॉ देवेंद्र के धन्यवाद ज्ञापन से इस कार्यक्रम का समापन हुआ।
