
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ में एलमुनाई मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें एलमुनाई एसोसिएशन के आजीवन सदस्यों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता जी एवं महाविद्यालय सचिव श्री दिनेश कुमार गुप्ता जी के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता जी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
उन्होंने अपने संबोधन में सभी एलुमनाई को कहा कि वे सभी इस संस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा वे अपने ज्ञान, विवेक, शिक्षा एवं कौशल से महाविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि एलुमनाई के सदस्य अपना भरपूर योगदान कॉलेज को आगे बढ़ाने में दे ताकि हम भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना कर सकें।
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ की एलमुनाई एसोसिएशन के समन्वयक डॉ. के.एल. कौशिक जी ने सभी सदस्यों को महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया तथा कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य पुराने पलों की मीठी-मीठी यादों एवं पुराने रिश्तों का एक नया अध्याय शुरू करना हैं।
जिसमें महाविद्यालय के सुधार हेतु आवश्यक गतिविधियों एवं सुझावों को सम्मिलित करना है। अग्रवाल महाविद्यालय एलुमनाई एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री विजय कुमार गुप्ता जी ने सदस्यों को इस एसोसिएशन के विभिन्न आयामों से अवगत कराया और बताया कि यह एसोसिएशन कब, कैसे और क्यों बनी और अपने पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया।
इस अवसर पर आजीवन एलुमनाई श्री अशोक कौशिक जी भी उपस्थित रहे। इस मिलन समारोह में एलुमनाई सदस्यों ने अपनी यादों को सांझा किया तथा अपने अनुभवों को बांटा। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. जयपाल सिंह मुख्य रूप से इस अवसर पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत जलपान की व्यवस्था की गई। सभी के सहयोग से यह एक सफल कार्यक्रम रहा।
