
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
एन.एस.एस 7-दिवसीय विशिष्ट कैंप के तीसरे दिन की शुरुआत योगाभ्यास, प्राणायाम व दैनिक प्रार्थना से हुई। यह शिविर
“आत्मनिर्भर भारत” थीम पर चलाया जा रहा है और इसके अंतर्गत स्वयंसेवकों को आत्मनिर्भर बनने के लिए ज्वेलरी, धूप और अगरबत्ती बनाना सिखाया गया।
स्वयंसेविका कुमारी अलका द्वारा इसमें प्रयोग होने वाली सामग्री और उसे बनाने का तरीका भी बताया गया। दिन के दूसरे सत्र में कौशल और प्रशिक्षण विभाग से सेवानिवृत प्राचार्य श्री वीरभान वर्मा को वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया जिन्होंने वेस्ट टू वंडर विषय पर एक कार्यशाला की। उन्होंने बताया कि कैसे हम वेस्ट से एक से एक अद्भुत वस्तुएं बना सकते हैं और कचरे की जटिल समस्या से निजात पा सकते हैं। इसे व्यवसाय के रूप में
अपना कर युवा अपनी जीविका का साधन भी बना सकते हैं।
तीसरे सत्र में पर्यावरण संरक्षण में कार्यरत एनजीओ से अरावली के सदस्यों ने युवा पीढ़ी से आग्रह किया कि समाज में बदलाव केवल सोचने से नहीं बल्कि कुछ करने से ही आ सकता है। उन्होंने बताया कि वे पर्यावरण संरक्षण में किस तरह अरावली जंगल को पुर्न: जीवित और स्वच्छ बनाने की मुहिम को चला रहे हैं और किस तरह वे प्रशासनिक अधिकारियों से अरावली के अस्तित्व को बचाने की कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से इस दिशा में बढ़ चढ़कर भाग लेने के लिए आग्रह किया। क्योंकि वन न केवल वनजीवन के लिए अपितु जनजीवन के लिए आवश्यक हैं। सेव अरावली से यश
भड़ाना इस अवसर पर उपस्थित रहे।
चौथे सत्र में “मेरा वोट मेरा अधिकार” पर एक रैली निकाली गई जो स्थानीय अग्रसेन चौक पर समाप्त हुई। स्वयंसेवकों ने नारों और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनमानस को अपनेवोट का प्रयोग समझदारी से करने के लिए जागरूक किया। दिन का समापन स्वयंसेवकों ने नृत्य, गायन और विभिन्न खेलों द्वारा किया। इस कैंप का आयोजन प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के संरक्षण और एनएसएस पीओ डा० शोभना गोयल, डा०सुप्रिया ढांडा और कुमारी रितिका सहरावत के दिशा निर्देशन में क्रियान्वित किया जा रहा है।
