
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उन्हें कॉलेज की संस्कृति से परिचित कराने के उद्देश्य से स्टूडेंट इंडक्शन एंड ओरियंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में न केवल विद्यार्थियों को शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों से अवगत कराया गया बल्कि कला, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का भी अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। इस विशेष अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता (अध्यक्ष अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ गवर्निंग बॉडी)एवं सम्मानित अतिथि श्री दिनेश कुमार गुप्ता (अग्रवाल कॉलेज महासचिव गवर्निंग बॉडी) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ तिलक एवं दीप प्रज्वलन की परम्परा के साथ हुआ।
सर्वप्रथम अग्रवाल कॉलेज के कार्यवाहक पिं्रसिपल डॉ संजीव गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों को शिक्षा एवं परीक्षा संबंधी नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ पढ़ाई के प्रति पूरे गंभीरता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में निसंकोच भागीदारी करने के लिए कहा। कार्यक्रम संयोजिका एवं रसायन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ प्रियंका सहरावत ने डॉक्युमेंट्री के माध्यम से कॉलेज की विशेषताओं एवं उपलब्धियों को दर्शाया साथ ही अपने विभाग का परिचय देते हुए आधुनिक यंत्रों से भरी लैब की जानकारी भी दी। वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ शोभना गोयल ने अपने विभाग का परिचय देते हुए विभिन्न गतिविधियों और अवसरों को बताया। कला विभाग से अंग्रेजी विभागाध्यक्षा डॉ गीता गुप्ता ने पूरे कला विभाग का परिचय देते हुए मास्टर कोर्स और अनेक क्षेत्रों में मिलने वाले सुअवसरों को बताया।पुस्तकालय विभाग प्रमुख डॉ रामचंद्र ने लाइब्रेरी संरचना, अनेक प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक शिक्षा माध्यमों के साथ छात्रवृत्तियों , ड्राइविंग लाइसेंस,पासपोर्ट बनवाने की सुविधा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
प्रियंका सेहरावत ने तीन मुख्य कमेटियों आंतरिक शिकायत समिति, लैंगिक उत्पीड़न निवारण समिति और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन और एन.एस.एस संबंधी कार्यक्रमों के बारे मे बताया। इतिहास विभाग अध्यक्ष डॉ जय पाल सिंह ने एन.सी.सी, उन्नत भारत अभियान,यूथ रेड क्रॉस,जॉन एम्बुलेंस और रेड रिबन क्लब जैसे अनेक समाज सेवा संबंधी क्लबों के रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया,योजनाओ लाभों की जानकारी सांझा करते हुए विद्यार्थियों से रजिस्ट्रेशन करवाने की अपील भी की। डॉ सुप्रिया ढांडा ने विगत वर्ष में आयोजित हुए यूथ फेस्टिवल की सफलता एवं सितंबर माह से शुरू होने वाली यूथ फेस्टिवल प्रतिभागिता के तहत टैलेंट प्रतिभा खोज की जानकारी सांझा करते हुए विद्यार्थियों को अपने-अपने प्रतिभा प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया साथ ही अनेकानेक सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी भी दी। खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए खेलकूद ,योगा एवं खेल संबंधी नियमों, रजिस्ट्रेशन के साथ विगत उपलब्धियों के बारे मे डॉ जगबीर ने बताया।
प्रशासन संबंधी जानकारी श्री मनमोहन सिंगला ने दी जिसमें उन्होंने दूर से आने वाले विद्यार्थियों के लिए बस पास योजना, फीस की जानकारी और यूनिवर्सिटी के महत्वपूर्ण कार्यों के बारे मे बताया। कॉलेज संबंधी प्रत्येक विभाग की एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के पश्चात विशिष्ट अतिथि श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अग्रवाल कॉलेज की पहचान अनुशासन और उत्कृष्टता से है। यहां आने वाले हर विद्यार्थी को यह अवसर मिला है कि वह अपनी प्रतिभा को निखारे और जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचे और हमारा यह हमेशा प्रयास रहेगा कि आगामी समय में भी यह सिलसिला निरंतर चलता रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी और उन्हें हमेशा मेहनत और समर्पण के साथ अपने कार्य के प्रति समर्पित रहने के भाव को जागृत रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान और कैंपस भ्रमण के साथ हुआ। विद्यार्थियों को विभिन्न समूहों में कॉलेज कैंपस का, विज्ञान प्रयोगशालाओं, आई टी संसाधनों,पुस्तकालय, सांस्कृतिक कक्षों का दौरा भी किया।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थी उत्साह से भरपूर रहे। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव भी सांझा करे। अनेक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।मंच संचालन डॉ डिंपल और मानसी त्यागी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन डॉ देवेंद्र (सहायक प्रवक्ता भौतिकी विभाग)के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। बी.ए, बीकॉम, बी एस सी और एम एस सी के लगभग 310 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारिता निभाई और प्रश्नों के माध्यम से जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
