
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल कॉलेज बल्लबगढ़ के वॉलंटियर्स ने यूथ रेड क्रॉस, यूनिवर्सिटी आउटरीच, सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, राष्ट्रीय सेवा योजना व स्वच्छता सेनानी के बैनर तले कॉलेज प्रांगण व सेक्टर 2 में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया। इसका आयोजन कॉलेज चेयरमैन श्री देवेंद्र गुप्ता जी एवम प्राचार्य डॉ. संजीव गुप्ता जी के कुशल दिशा–निर्देशन में किया गया।
गौरतलब है कि उपायुक्त महोदय श्री विक्रम सिंह के आदेशानुसार जिला फरीदाबाद में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत जिले के सभी स्कूल–कॉलेजो में पौधारोपण किया जा रहा है। इसी क्रम में सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड काउंसलर डॉ. देवेंद्र व यूनिवर्सिटी आउटरीच प्रोग्राम इंचार्ज सुभाष कैलोरिया के नेतृत्व में कॉलेज वालंटियर्स ने पौधारोपण किया।
विदित है कि विश्व पर्यावरण दिवस 2024 के मौके पर भारत के यशश्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘एक पेड़ मां’ के नाम अभियान की शुरुआत की थी। पीएम ने इस अभियान को शुरू करने के दौरान कहा था कि मैं देशवासियों के साथ ही दुनिया भर के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे अपनी मां के साथ मिलकर या उनके नाम पर एक पेड़ जरूर लगाएं। अग्रवाल कॉलेज ने हाल ही में 22 जुलाई से 5 अगस्त, 2024 तक वृक्षारोपण पखवाड़े का आयोजन किया जिसमें सैकड़ों पेड़ लगाए गए।







