
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
विद्युत मंत्रालय भारत सरकार के राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई) कॉर्पोरेट कार्यालय सेक्टर – 33 फरीदाबाद में स्वच्छता पखवाडा की शुरूआत की गई। स्वच्छता पखवाड़ा 16 से 31 मई 2024 तक चलाया जाएगा। इस दौरान एनपीटीआई की महानिदेशक डॉ. तृप्ता ठाकुर ने कार्यालय के सभी अधिकारियों कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सफाई रखने और अपने आसपास सफाई रखवाने की शपथ दिलाई।
एनपीटीआई की महानिदेशक डॉ. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने महात्मा गांधी जी की जयंती पर सफाई के लिए एक दीपक जलाया था जो अभी तक निरंतर जल रहा है और भविष्य में भी जलता रहेगा। आज उस दीपक की रोशनी इतनी फैल चुकी है कि पूरे देश के लोग अब सफाई की ओर ध्यान देने लगे हैं खुद तो सफाई रखते ही है अगर कोई और भी गंदगी करता है तो उसे भी रोकते हैं और सफाई का पाठ पढाते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत देश की कल्पना बिना स्वच्छता के संभव नही है।
डा. ठाकुर ने कहा कि एनपीटीआई में भी समय – समय पर सफाई अभियान चलाया जाता है इसका नतीजा ये है कि आज एनपीटीआई परिसर पूरी तरह से साफ-सुथरा रहता है। वहीं उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि आप लोग न तो गंदगी फैलाएंगे और न ही फैलाने देंगे। साथ ही साथ 100 लोगों को भी ये शपथ दिलाएंगे।
इस दौरान एनपीटीआई की महानिदेशक डॉ. तृप्ता ठाकुर के साथ प्रधान निदेशक डा. मंजू माम, प्रोजेक्ट निदेशक डा. एन के श्रीवास्तव, सिम्युलेटर निदेशक डी एस साहू, एडमिन निदेशक श्रीमति मधुबाला कुमार, ट्रेनिंग निदेशक एन आर हल्दर सहित सभी उप निदेशक, सह निदेशक स्टाफ कर्मचारी भी मौजूद रहे।
