
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय फरीदाबाद के कॉमर्स विभाग द्वारा शेयर बाजार के माध्यम से धन सृजन विषय को लेकर एक विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया। एन.आई.एस.एम. सर्टिफाइड ट्रेनर नीलाम्बर रोहिला इस व्याख्यान के मुख्य वक्ता रहे। इस वक्तव्य का उद्देश्य छात्रों को शेयर मार्केट विश्लेषणात्मक अध्ययन व सुरक्षित निवेश से अवगत करना रहा |
मुख्य वक्ता रोहिला ने शेयर बाजार मे धन कैसे लगाना चाहिए व कौन सी आवश्यक बातों का ध्यान एक निवेशक को रखना चाहिए जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि किसी भी कंपनी में पैसा लगाने से पहले उस कंपनी को समझना आवश्यक है। यह निवेश का पहला और बेसिक नियम है। एक निवेशक का पोर्टफोलियों तब अच्छा माना जाता है जब वह अपना पैसा एक जगह पर डालने के बजाए अलग-अलग शेयरों में निवेश करें। स्टॉक मार्केट में पैसा लगाने के बाद धीरज रखना बहुत ही आवश्यक है।
कॉमर्स विभागाध्यक्षा डॉ. अर्चना भाटिया ने अपने संबोधन में कहा कि विजेता अलग-अलग चीजें नहीं करते बल्कि वो चीजों को अलग तरह से करते हैं। सफलता का मतलब सिर्फ कुछ अलग करना नहीं है बल्कि इसे अनोखे और प्रभावी तरीके से करना है। इससे व्यवसाय के अन्य अवसर भी खुल जाते हैं। निवेशक को स्मार्ट होना चाहिए। स्मार्ट होने का मतलब है विशिष्ट, मापने योग्य, प्राप्त करने योग्य, यथार्थवादी तथा समय सीमित होना है।
इस व्याख्यान का आयोजन महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉ विजय वंती के कुशल निर्देशन में हुआ। इस व्याख्यान की संयोजिका तथा मंच संचालिका मीनाक्षी आहूजा रहीं। इस अवसर पर विभाग से सुनीता डुडेजा, इ.एच. अंसारी के साथ अन्य प्राध्यापक भी उपस्तिथ रहे। लगभग नब्बे विद्यार्थियों ने इस व्याख्यान को ध्यानपूर्वक सुना और शेयर बाजार की बारीकियों को समझा।
