
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला फरीदाबाद के दो स्थानों — ग्राम पंचायत चांदपुर (ब्लॉक तिगांव) और सेक्टर 74 स्थित एसटीपी (STP) परिसर — में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
ग्राम पंचायत चांदपुर में आयोजन
ग्राम पंचायत चांदपुर में कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्री सूरजपाल भूरा ने की। कार्यक्रम में VWSC सदस्य, ट्यूबवेल ऑपरेटर, PHED के जिला IEC सलाहकार श्री सत्यानारायण नेहरा, बल्लभगढ़ ब्लॉक की बीआरसी श्रीमती सुमन रानी तथा तिगांव ब्लॉक की बीआरसी श्रीमती सुमन लता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस पर व्याख्यान से हुई, जिसमें प्लास्टिक प्रदूषण, जल संरक्षण, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और पर्यावरण से जुड़े अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके पश्चात सभी सदस्यों ने ग्राम परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
एसटीपी सेक्टर 74, फरीदाबाद में कार्यक्रम
दूसरा कार्यक्रम सेक्टर 74 स्थित एसटीपी परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें नगरीय आजीविका मिशन (NULM) के स्व-सहायता समूह (SHG) की सदस्याओं ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का नेतृत्व श्रीमती सरिका गर्ग ने किया।
इस अवसर पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने STP परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण के प्रति अपने उत्तरदायित्व को निभाया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
इन आयोजनों ने न सिर्फ पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा दिया बल्कि सामुदायिक सहभागिता के महत्व को भी दर्शाया। दोनों कार्यक्रमों में ग्रामीणों और शहरी नागरिकों की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
