
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
हरियाणा उदय कार्यक्रम और पर्यावरण संरक्षण सप्ताह के चलते आज दिनांक 13 जुलाई 2023 को अग्रवाल महाविद्यालय की एनएसएस की तीनों इकाइयों द्वारा प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत गुप्ता की अगुवाई में वृक्षारोपण का आयोजन किया गया। स्वयं सेवकों ने पाली गांव में अरावली जंगलों में लगभग 150 पौधे लगाए और श्रमदान किया। यह कार्यक्रम सेव अरावली ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवक जनमानस में संदेश देना चाहते हैं की वन हमारी प्राकृतिक संपदा है और हमें इनका संहार नहीं बल्कि संरक्षण करना चाहिए। तापमान परिवर्तन भूस्खलन और बाढ़ इत्यादि वनों को नष्ट करने का ही परिणाम है।
अत्यधिक शहरीकरण और औद्योगीकरण की दौड़ में हम प्रकृति को जो नुकसान पहुंचा रहे हैं उसकी भरपाई हमें और हमारी आने वाली पीढियां को ही करनी होगी। इस विषय पर प्राचार्य जी ने भी युवा पीढ़ी को सजग रहने और समाज में जागरूकता लाने के लिए प्रेरित किया उन्होंने अपने संदेश में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे अपने चारों ओर लगने और उन्हें सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी। उन्होंने पौधों को प्रदूषण दूर करने का सबसे कारगर साधन बताते हुए बहुत से वैज्ञानिक तथ्य भी बताएं कि कैसे हम अधिकाधिक वृक्षारोपण से कार्बन पदचिह्न में कमी ला सकते हैं और नेट जीरो के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
एक जिम्मेदार भारतीय नागरिक होने के नाते हम सभी को मिलकर वनों के संरक्षण और पोषण की शपथ लेनी चाहिए। इस कार्यक्रम में एनएसएस की तीनों इकाइयों से 10 और सेव अरावली ट्रस्ट से 3 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। प्राचार्य जी ने कार्यक्रम के कुशल आयोजन के लिए श्री पंकज ग्रोवर और एनएसएस इकाइयों की प्रभारी डॉ. शोभना गोयल , डॉ. सुप्रिया ढांडा और डॉ. सीमा मलिक को बधाई दी।
