
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर- 16 ए फरीदाबाद में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के द्वितीय वर्ष की छात्रा दिव्या भारद्वाज ने तीन प्रतियोगिताओं में प्रथम व एक में तृतीय स्थान हासिल कर बेस्ट एथलीट का खिताब अपने नाम किया । प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. अशोक कुमार, रिटायर्ड एसोसिएट प्रोफेसर गणित व विशिष्ठ अतिथि डा. राजेश यादव ने छात्राओं को प्रोत्साहित किया तथा विजेता प्रतिभागियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मानित किया ।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जीवन संघर्ष का मैदान है, जिसमें हमारी सक्रिय भागीदारी अहम है, जीवन में आगे बढ़ने के लिए संघर्ष से नहीं घबराना चाहिए । उन्होंने कहा कि संसार मेें जितने भी महापुरुष हुए हैं, उनका जीवन संघर्ष पूर्ण रहा है ।
प्राचार्य घनश्याम दास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में अन्य गतिविधियों का भी उतना ही महत्व है जितना शिक्षा का। उन्होंने ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं दी तथा खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही ।
खेल प्रतियोगिता के संयोजक बलबीर सिंह दहिया ने छात्राओं के साथ अपने अनुभव सांझा किए तथा खेलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने कार्यक्रम के समापन समारोह में आए अतिथियों व महाविद्यालय के संपूर्ण स्टाफ सदस्यों का आभार प्रकट किया । इस मौके पर वरिष्ठ प्राध्यापिका, विजया श्रीधर, डा. पारूल राणा, शालिनी खुराना , डा. रमन सहित सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे ।
ये रहे परिणाम ;—-
प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो सौ मीटर रेस, थ्री लेग रेस, सैक रेस व जेवेलियन थ्रो जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ । जिसमें दिव्या भारद्वाज ने आठ सौ मीटर, चार सौ मीटर रेस व ज्वैलियन थ्रो में प्रथम स्थान तथा लंबी कूद में तृतीय स्थान हासिल कर बेस्ट एथलीट का खिताब अपने नाम किया । वहीं दो सौ मीटर में भूमि शर्मा ने प्रथम, निशा कुमारी ने द्वितीय व नंदिनी ने तृतीय स्थान हासिल किया । लंबी कूद प्रतियोगिता में आस्था ने प्रथम , निशा कुमारी ने द्वितीय व लक्ष्मी ने तृतीय स्थान हासिल किया । ऊँची कूद में नंदिनी ने प्रथम , निशा कुमारी ने द्वितीय व आस्था ने तृतीय स्थान हासिल किया । जेवेलियन थ्रो में दिव्या भारद्वाज ने प्रथम, अनुष्का ने द्वितीय व काजल ने क्रमशः तृतीय स्थान हासिल किया । जिम्मखाना गेम्स की थ्री लेग रेस में भूमि व श्वेता की टीम ने प्रथम, काजल यादव व मोसम ने द्वितीय व अंजली तथा टीना की जोड़ी ने तृतीय स्थान हासिल किया । वहीं सैक रेस में काजल बीटीटीएम ने प्रथम, श्वेता बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा ने द्वितीय तथा रूखसाना ने तृतीय स्थान हासिल किया ।
