
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / एनएच-2 स्थित भाटिया सेवक समाज के प्रधान मोहन सिंह भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एक प्रेसवार्ता में बताया कि बीती रात उन्होंने अपना त्यागपत्र समाज के वरिष्ठ सदस्य पीर जगनाथ को सौंपते हुए कार्यकारिणी को भी भंग कर दिया है। मोहन सिंह भाटिया ने कहा कि समाज और अस्पताल की बेहतरी के लिए अब नए नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने भाटिया सेवक समाज की स्थापना करने वाले स्वर्गीय छबील दास भाटिया के पुत्र बीआर भाटिया को प्रधान पद के लिए आगे आने की अपील की है, ताकि चैरिटेबल अस्पताल को नई दिशा और मजबूती मिल सके।
पीर जगनाथ ने जानकारी दी कि बीआर भाटिया से इस विषय पर बातचीत हो चुकी है। वे फिलहाल शहर से बाहर हैं और दस नवंबर तक उनकी स्वीकृति की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। तब तक मोहन सिंह भाटिया और उनकी पूर्व कार्यकारिणी अस्पताल के संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगे। समाज के सदस्यों ने मोहन सिंह भाटिया के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया और कहा कि उन्होंने समाज की सेवा भावना के साथ कई जनहित कार्य किए हैं।






