
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ विद्युत मंत्रालय भारत सरकार के राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (एनपीटीआई) कॉर्पोरेट कार्यालय सेक्टर-33 फरीदाबाद में एक पृथ्वी-एक स्वास्थ्य योग-थीम पर 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग सत्र का आयोजन किया गया। इस योग सत्र में सैंकड़ों अधिकारियों, स्टाफ कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने आयुष मंत्रालय द्वारा जारी सामान्य योग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए योगिक क्रियाओं में हिस्सा लिया। एनपीटीआई परिसर में योग सत्र महानिदेशक डॉ. तृप्ता ठाकुर के दिशा निर्देश पर आयोजित हुआ।
योग विश्व में भारत की प्राचीन परंपरा की एक अमूल्य देन है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हमारी प्राचीन पद्दति योग को नए रूप में लोगों तक पहुंचाया है। देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में आज योग किया जाता है। पीएम ने योग के द्वारा राष्ट्र निर्माण का कार्य शुरू किया है, चूंकि जब व्यक्ति स्वस्थ होगा, तो वह देश के लिए काम करेगा। रोजमर्रा की जिंदगी में योग का अपना महत्व है, योगाभ्यास से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है।







