
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में 26 वर्षों की समर्पित सेवा के बाद अर्थशास्त्र विभाग की वरिष्ठ प्रोफेसर उषा चौधरी सेवानिवृत्त हुई । पिछले पाँच वर्षों के दौरान उनके निर्देशन में ने 11 विद्यार्थियों ने यूजीसी-नेट की एवं एक ने जे.आर.एफ की परीक्षा भी उत्तीर्ण की । इनके निर्देशन में निशा और भूमि ने विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर हरियाणा के माननीय राज्यपाल से सम्मान प्राप्त किया।उनकी छात्रा रीना ने भी 25 जनवरी 2022 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित घोषणापत्र प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्यपाल से सम्मान प्राप्त किया।
शिक्षण के साथ-साथ शोध के क्षेत्र में भी डॉ उषा चौधरी का योगदान उल्लेखनीय रहा है। प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पत्रिकाओं में उनके 20 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने 12 राष्ट्रीय तथा 8 अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध प्रस्तुत किए हैं। वे इग्नू की स्थाई सलाहकार भी हैं। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उनकी पुस्तक “एसेंशियल ऑफ इकोनॉमिक्स” प्रकाशित भी हुई है जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर आधारित है।
उन्हें उनकी सेवाओं के लिए कई सम्मान प्राप्त हुए हैं जिनमें 2022 में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ कलाकार पुरस्कार और 2023 में नारी शिक्षा सम्मान प्रमुख हैं।
सेवानिवृति के अवसर पर अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के प्रधान (गवर्निंग बॉडी)एवं अग्रवाल कॉलेज अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता, अग्रवाल कॉलेज महासचिव (गर्वनिंग बॉडी) श्री दिनेश कुमार गुप्ता ने उनके सुखद आगामी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। अग्रवाल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ संजीव कुमार गुप्ता ने भी उनकी उपलब्धियों की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर अपने पति एडवोकेट श्री संजीव चौधरी, बेटे श्री मनन एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उपस्थित रही डॉ ऊषा चौधरी ने भावुकता के साथ अपने कार्यकाल को याद करते हुए अनेक अनुभवों को सांझा किया और अन्य सहप्रवक्ताओं का अपने अनुभवों के आधार पर मार्गदर्शन भी किया।
अनेक प्रवक्ताओं ने कविताओं एवं संदेशों के माध्यम से उनके प्रति अपने भाव उजागर किए। शिक्षा जगत में उनका योगदान एवं सहयोग निश्चय ही सराहनीय रहा।
