
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर “आजादी के अमृत महोत्सव” के अंतर्गत चल रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता जी के कुशल दिशा निर्देशन में महाविद्यालय की यूथ रेड क्रॉस, राष्ट्रीय सेवा योजना, एन.सी.सी, रैड रिबन क्लब, सैंट जॉन एम्बुलेंस एसोसिएशन, सतत विकास लक्ष्य आदि की इकाइयों द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य जी ने सभी को आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह तिरंगा यात्रा हमारे हृदय में देश भक्ति, राष्ट्रीय गौरव की भावना को जागृत करने के लिए है l प्राचार्य जी ने कहा कि आजादी हमें ऐसे ही उपहार के रूप में प्राप्त नहीं हुई बल्कि इसके लिए हमारे देश के अनगिनत रणबांकुरों ने अपने प्राणों की आहुति दी है l यह लहराता तिरंगा हमें सदैव उन वीरों के बलिदान व देश- भक्ति की याद दिलाने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के पालन करने के लिए प्रेरणा देता रहेगा l तिरंगा यात्रा महाविद्यालय प्रांगण से प्रारंभ होकर अग्रसेन चौक व बाजार के रास्ते होते हुए अंबेडकर चौक बल्लभगढ़ तक संपन्न हुई। इस यात्रा में कुल 200 शिक्षकों, गैर शिक्षकों एवं स्वयंसेवको ने भाग लिया। महाविद्यालय में “आजादी के अमृत महोत्सव” के अंतर्गत चल रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत स्लोगन लेखन व पोस्टर मेकिंग, कविता पाठ एवं झंडा वितरण जैसी अन्य गतिविधियों का भी आयोजन किया गया l इस अवसर पर महाविद्यालय में “विभाजन भयावह स्मरण दिवस” को चिह्नित करने के लिए बुलेटिन प्रदर्शनी भी लगाई गयी एवं 11.08.2022 को राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा नया गांव अरुआ में प्रभात फेरी भी निकाली गई। पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का विषय -“आजादी का अमृत महोत्सव“, “राष्ट्रीय ध्वज हमारा गौरव” और “तिरंगा हमारी आन बान और शान” थे। इसमें कुल 15 उम्मीदवारों ने भाग लिया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मानसी (बीएससी मैथ्स ऑनर्स तृतीय वर्ष), द्वितीय स्थान स्वाति (एमएससी मैथ्स द्वितीय वर्ष) तथा तृतीय स्थान भावना (बीएससी मैथ्स ऑनर्स द्वितीय वर्ष) ने प्राप्त किया । स्लोगन राइटिंग में प्रथम स्थान क्षमा (एमएससी मैथ्स द्वितीय वर्ष), द्वितीय स्थान रिया (बीबीए कैम तृतीय वर्ष) और तृतीय स्थान हिमांशु (बीएससी मैथ्स ऑनर्स द्वितीय वर्ष ) ने प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता हर घर तिरंगा अभियान की सदस्य श्रीमती त्रिमेश कालरा व श्रीमती नेहा गोयल द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई। काव्य पाठ प्रतियोगिता के विषय : “राष्ट्रीय ध्वज हमारा गौरव है“, “आजादी का अमृत महोत्सव“, “तिरंगा हमारी आन, बाण और शान” रहे । इसमें कुल 10 उम्मीदवारों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हेमिका (बीकॉम (सीए) ) ने पहला, खुशी मित्तल (बीएससी केम ऑनर्स) ने दूसरा, व राहुल (बीएससी नॉन मेडिकल) ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को नकद पुरस्कार 15 अगस्त, 2022 को दिया जाएगा। काव्य पाठ प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. मीनू अग्रवाल और डॉ. उषा चौधरी के दिशा निर्देशन में हुआ। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम की संयोजक डॉ. शोभना गोयल (विभागध्यक्ष, वाणिज्य विभाग) रही जिन्होने बड़ी ही कुशलता के साथ पूर्ण कार्य भार संभाला। प्राचार्य जी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में हर घर तिरंगा की पूरी टीम को बधाई दी।
