
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
राज्य स्तरीय श्रमिक जागरुकता समारोह में अग्रवाल महाविद्यालय की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य में शानदार प्रदर्शन किया जिससे प्रभावित होकर श्रम विभाग ने सभी छात्राओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में मुख्य अतिथि श्रम मंत्री आदरणीय मूलचंद शर्मा ने महाविद्यालय की छात्राओं को 2100 रुपये नकद प्रोत्साहन राशि भी दी।
अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के प्रधान एवं अग्रवाल महाविद्यालय गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र गुप्ता, अग्रवाल महाविद्यालय गवर्निंग बॉडी के महासचिव एडवोकेट श्री दिनेश कुमार गुप्ता एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ० संजीव गुप्ता के संरक्षण में महाविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अनेकानेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अनाज मंडी बल्लबगढ़ में 13 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक जागरुकता समारोह में अग्रवाल महाविद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक गान और हरियाणवी नृत्य की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
अग्रवाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० संजीव कुमार गुप्ता ने छात्राओं व कल्चरल विभाग की कन्वीनर डॉ० सुप्रिया ढांडा को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के साँस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियो के व्यक्तित्व का विकास करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को उत्कृष्टता के लिए कठिन प्रयास करने के लिए प्रेरित कर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उनकी प्रतिभाओं को खोजने और निखारने में मदद भी करते हैं ।
कल्चरल विभाग की कन्वीनर डॉ० सुप्रिया ढांडा ने इस उत्साहवर्धन और शुभकामनाओं के लिए प्राचार्य डॉ० संजीव गुप्ता का आभार प्रकट किया। प्रतिभागी छात्राओं में वैशाली, प्रिया, पूजा, मुस्कान, यशवी, मीनाक्षी, खुशबू, खुशी, भूमिका, तानिया, वंदना, आरती, सानिया और पूजा ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
