
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / सेक्टर 16 फरीदाबाद कालीबाड़ी के प्रांगण में थैलासीमिया ग्रस्त बच्चों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर फाउंडेशन एगेंस्ट थैलासिमिया के सहयोग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी आरपी. हंस और थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चों के लिए कार्यरत संस्था के संचालक रविंद्र डुडेजा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिविर में कुल 76 रक्तवीरों ने रक्तदान किया। फरीदाबाद कालीबाड़ी के प्रधान डॉ. प्राणजित भौमिक और महासचिव एके. पंडित ने सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया और अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने का संदेश दिया। लोक उत्थान क्लब के संस्थापक आरपी हंस ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर सीएम की टीम के प्रेस कंसल्टेंट राजेश दास, सर्वोदय अस्पताल से डॉ. राकेश गुप्ता, रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद हेरिटेज की अध्यक्ष अल्का गर्ग और अनुप गर्ग, इनरव्हील क्लब 301 की अनीता जैन और गोल्डन लॉयंस क्लब ओल्ड फरीदाबाद के सदस्यों के साथ ही किसान रत्रा, जेके भाटिया और थैलेसीमिया ग्रस्त बच्चे भी उपस्थित रहे।
बच्चों के लिए ड्रॉइंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसका विषय रक्तदान रखा गया। सभी बच्चों को उनके प्रयास और प्रतिभा के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।






