
फरीदाबाद जनतंत्र टुडे / राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर 16- ए फरीदाबाद के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा 13, फरवरी को विश्व रेडियो दिवस पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया । जिसमें विभाग की छात्राओं ने रेडियो के इतिहास से लेकर वर्तमान परिदृश्य पर अपने विचार साझा किए ।प्राचार्या डा. सुनिधि ने विभाग की छात्राओं को विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं दी तथा छात्राओं को रेडियो के इतिहास के बारे में बताया तथा वर्तमान में रेडियो के परिवर्तित रूप के अनुसार स्वयं को ढालने की बात कही ।
विभाग की अध्यक्षा शालिनी खुराना ने बताया कि रेडियो का देश के विकास में अहम योगदान रहा है, इसलिए देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने मन की बात कार्यक्रम के लिए रेडियो को माध्यम के रूप में चुना है । उन्होंने बताया कि द्वितीय विश्वयुद्ध में हुई भारी क्षति के बाद विश्व शांति के लिए यूनाइटेड नेशन की स्थापना हुई थी। यूएन द्वारा विश्व में शांति स्थापित करने के लिए रेडियो का इस्तेमाल किया और इसमें काफी हद तक कामयाबी भी मिली। यूएन द्वारा वर्ष 2011 में 13 फरवरी को विश्व रेडियो दिवस के रूप मेें मनाने की पहल की है । तब से हर वर्ष यह दिन पूरी दुनिया में रेडियो दिवस के रूप में मनाया जा रहा है ।
इस अवसर पर विभाग के मास्टर आॅफ जर्नलिज्म की छात्रा मनीषा , कशिश , अंकिता , सोनम एवं कोमल ने रेडियो की वर्तमान स्थिति एवं चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए । इस अवसर पर प्राध्यापिका सविता नागर एवं सुरेश कुमार मौजूद रहे ।






