
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
सामाजिक दायित्व के निर्वहन के अंतर्गत अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ के इतिहास विभाग की प्राध्यापिका डॉ सुप्रिया ढांडा द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहूपुरा, बल्लभगढ़ में व्याख्यान दिया गया। यह व्याख्यान इतिहास विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ सुप्रिया ढांडा द्वारा विद्यालय के पांचवीं से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को दिया गया।
इस व्याख्यान का आयोजन अग्रवाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ कृष्ण कांत गुप्ता जी के कुशल नेतृत्व एवम् मार्गदर्शन में हुआ। व्याख्यान का विषय-“स्वच्छता पर महात्मा गांधी जी के विचार” रहा। डॉ सुप्रिया ढांडा ने अपने वक्तव्य में बताया किसाफ-सफाई हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू है। यह हमारे जीवन की प्राथमिकता भी है।
स्वच्छता जरूरी है क्योंकि साफ-सफाई से हम जीवन में आने वाली कई परेशानियों से मुक्ति पा सकते हैं। महात्मा गांधी ने कहा था- ‘स्वच्छता ही सेवा है।’ हमारे देश के लिए, हमारे जीवन में स्वच्छता की बहुत जरूरत है। गंदगी हमारे आसपास के वातावरण और जीवन को प्रभावित करती है। हमें व्यक्तिगत व आसपास भी सफाई अवश्य रखनी चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
डॉ सुप्रिया ने स्वच्छता पर महात्मा गांधी जी के विचारों को विस्तारपूर्वक बताते हुए कहा कि गांधी जी राजनीतिक स्वतंत्रता से भी ज्यादा जरूरी व्यक्तिगत स्वच्छता को मानते थे। उनके विचार थे कि यदि कोई व्यक्ति स्वच्छ नहीं है तो वह स्वस्थ नहीं रह सकता है और बेहतर साफ-सफाई से ही भारत के गांवों को आदर्श बनाया जा सकता है। स्वच्छता का महत्व कोरोना काल में रोगियों की बढ़ती संख्या एवं अस्पतालों में साफ-सफाई को ध्यान देने की आवश्यकता से यह बात और भी स्पष्ट हो गई है कि आज जीवन में स्वच्छता की कितनी जरूरत है। स्वच्छता एक अच्छी आदत है जो हमारे जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाती है।अंत में विद्यार्थियों ने व्याख्यान के विषय से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता डॉ० सुप्रिया ढांडा ने व्याख्यापूर्ण विवरण दिया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहूपुरा, की कॉमर्स विभाग की प्राध्यापिका श्रीमती रजनी ने अंत में डॉ सुप्रिया ढांडा का इस प्रेरक व्याख्यान हेतु आभार प्रकट किया।
अग्रवाल महाविद्यालय के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ जयपाल सिंह ने बताया की सामाजिक दायित्व के निर्वहन के अंतर्गत इतिहास विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहूपुरा, बल्लभगढ़ को अडॉप्ट किया है तथा समय-समय पर दोनों विभागों के मध्य इसी तरह भविष्य में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।







