
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ यमुनाजी की अविरलता तथा निर्मलता पर चर्चा के लिए श्री यमुना जल जन जागरण अभियान के तहत यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ.आर एन सिंह रावल एजुकेशनल सोसाइटीज के चेयरमैन सी बी रावल तथा उनकी धर्मपत्नी से उनके सेक्टर 9 स्थित आवास पर मिले।
डॉ.आर एन सिंह ने सी बी रावल तथा उनकी धर्मपत्नी को राधे-राधे का शाल से सम्मानित कर हथिनी कुण्ड से लाया पवित्र श्री यमुना जल तथा आरती का कैलेन्डर भेंट किए। चर्चा के क्रम में डॉ.आर एन सिंह ने कहा कि हथिनी कुण्ड के आगे प्राकृतिक मार्ग में यमुना जल का नहीं होना न सिर्फ धार्मिक रूप से गलत है अपितु मानवाधिकार तथा प्राकृतिक न्याय का घोर हनन भी है। केंद्रीय तथा राज्य सरकारें यमुना जी की अविरलता तथा निर्मलता के प्रति संवेदनहीन हैं।
ब्रजक्षेत्र सहित फरीदाबाद तथा पलवल के साथ हो रहा घोर अन्याय असहनीय हो चुका है, ऐसे में यमुना रक्षक दल के पास जन जागरण के माध्यम से व्यापक जन आन्दोलन का मार्ग ही विकल्प के रूप में बचा है। इस अवसर पर रावल दम्पति ने डॉ.आर एन सिंह को अपना आशीर्वाद प्रदान किए।






