
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / मेट्रो कैंसर इंस्टिट्यूट फरीदाबाद द्वारा दात्री ब्लड स्टेम सेल डोनर्स रजिस्ट्री एवं महावीर सोशल फाउंडेशन के सहयोग से एक डोनर-रेसिपिएंट मीट का आयोजन किया गया | मेट्रो हॉस्पिटल के वाईस प्रेजिडेंट व मुख्य अतिथि डॉ. सना तारिक़ द्वारा डीएवी शताब्दी महाविद्यालय को स्टेम सेल डोनर्स का पंजीकरण अभियान – एचएलए टाइपिंग के लिए स्वाबिंग टेस्ट कैंप में 100 से अधिक दाताओं को पंजीकृत करने पर सम्मानित किया गया | महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉ. अर्चना भाटिया की महाविद्यालय में चल रही परीक्षाओं में व्यस्तता के कारण वाईआरसी काउंसलर दिनेश कुमार ने इस आयोजन में शिरकत की और अवार्ड ग्रहण किया | आयोजन-कर्ता के रूप में शामिल महावीर सोशल फाउंडेशन से ए.एस. पटवा, उमेश अरोडा, दात्री ब्लड स्टेम सेल डोनर्स रजिस्ट्री से योगेश मल्होत्रा एवं मेट्रो कैंसर इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर डॉ. सुमंत ने भी महाविद्यालय के सामूहिक प्रयासों की सराहना की और स्टेम सेल दाताओं का आभार व्यक्त किया।
डॉ. अर्चना भाटिया ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। डॉ. भाटिया ने कहा कि हमारे छात्रों और कर्मचारियों ने इस नेक काम का समर्थन करने में असाधारण उत्साह दिखाया है और हमें इस जीवन रक्षक मिशन का हिस्सा बनने पर गर्व है। यह प्रक्रिया रक्त कैंसर, थैलेसीमिया और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के जीवन को बचाने में मदद करती है। डीएवी शताब्दी महाविद्यालय हमेशा से ही इस तरह के कार्यों में सहयोग देता रहा है और आगे भी देता रहेगा | महाविद्यालय में इस जीवन रक्षक पहल को सफल बनाने में एनएसएस यूनिट के ऑफिसर डॉ जितेंद्र ढुल, कविता शर्मा व वाईआरसी काउंसलर दिनेश कुमार की अहम भूमिका रही।






