
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस, सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और गाइड्स ने विद्यालय में महिला हेल्पलाइन 1091, 112, साइबर क्राइम, साइबर सिक्योरिटी और सेक्सुअल हैरेसमेंट आदि विषयों पर विद्यालय की छात्राओं को जागरूक किया।
विद्यालय की जे आर सी एवम एस जे ए बी अधिकारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप अपनी निजी इनफॉर्मेशन, अपनी पिक्स तथा कोई सूचना किसी को भी न दें न ही किसी अपरिचित की बातों में आएं। इसी प्रकार अपरिचित व्यक्ति, लिंक अथवा साइट से कुछ भी डाउनलोड न करें क्योंकि ऐसे लिंक और साइट अधिकतर फ्रॉड होती है और आप के लिंक पर जाते ही आप की सारी इनफॉर्मेशन हैक कर ली जाती है और यहां तक कि आप के अकाउंट से सारी धनराशि भी निकाल ली जाती है।
आज हरियाणा पुलिस प्रशासन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य मनचंदा ने कहा कि आप ने समझदारी दर्शाते हुए अपने साथ होने वाली किसी भी अप्रिय घटना के विषय में 1091 पर अथवा 112 नंबर पर बताना है और बताते ही पुलिस की गाड़ी आप की सुरक्षा और सहायता के लिए उपलब्ध होगी। आप ने अपने साथ होने वाली किसी भी समस्या को अपने माता पिता और अपने अध्यापकों को अवश्य बताना है। आप के माता, पिता व अध्यापक आप के सब से अच्छे मित्र और शुभचिंतक हैं। विद्यालय के प्रिंसिपल रविंद्र कुमार मनचंदा ने पुलिस प्रशासन से आए अधिकारियों का स्वागत करते हुए बालिकाओं से कहा कि आप अपनी मम्मी, पापा और अध्यापकों से कोई भी बात न छिपाएं।
आप को कोई विद्यालय आते जाते समय तंग करता है अपना मोबाइल नंबर देने के लिए बाध्य करता है आप की व्यक्तिगत सूचना को चोरी करता है, दूसरों से सांझा करता है तो आप इस की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 1091 ऑनलाइन या महिला पुलिस अथवा 112 नंबर पर दें। शिक्षा विभाग और प्रशासन द्वारा आप की सुरक्षा के लिए सभी प्रावधान किए गए हैं। आप स्वयं जागरूक हों और अपनी सुरक्षा के प्रति अलर्ट रहें। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने सभी अध्यापकों एवम सभी छात्राओं का भी आभार व्यक्त किया।







