
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से सीदास फाउंडेशन और फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एफआईए) मिलकर एक अनूठे अभियान को गति दे रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सीदास फाउंडेशन की टीम ने चिमनीबाई धर्मशाला चौक से गुरुग्राम मोड़ तक सड़क के बीच बने डिवाइडर में लगे ट्री गार्ड में सूख चुके पौधों को हटाकर वहां नए पौधे लगाए। साथ ही पौधों की निराई-गुड़ाई कर, उनमें खाद डाली गई और नियमित पानी देने की व्यवस्था भी की गई। इसके साथ ही डिवाइडर पर फैले कूड़े-कचरे को भी साफ कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
यह अभियान सीदास ग्रुप के चेयरमैन बीआर भाटिया के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। श्री भाटिया ने कहा कि धरती माता को संवारना हम सभी की जिम्मेदारी है। हर पौधा जीवन की एक नई आशा है, इसे बचाना, लगाना और सहेजना हम सभी का कर्तव्य है। हर नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी अपने बच्चों की तरह देखभाल कर बड़ा करना चाहिए।
फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राज भाटिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल एक सरकारी मुहिम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आदत बननी चाहिए। हमारा सपना है एक ऐसा फरीदाबाद, जहां हर गली, हर मोहल्ला और हर औद्योगिक क्षेत्र हरा-भरा और स्वच्छ हो। सी.दास फाउंडेशन और एफआईए का यह प्रयास न केवल पर्यावरण सुधार की दिशा में एक ठोस कदम है, बल्कि समाज को यह संदेश देता है कि यदि हम सब मिलकर छोटे-छोटे कदम उठाएं, तो बड़ा परिवर्तन संभव है।







