
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / नई दिल्ली :– श्री बाबोसा भगवान की परम आराधिका मंजू बाईसा के पावन जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल भजन संध्या का आयोजन गीता काॅलोनी स्थित रामलीला मैदान में आशीर्वाद महोत्सव के रुप में किया गया। इस कार्यक्रम में हजारों भक्तों की उपस्थिति को देख कर यूं लगा मानो आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा हो। परम श्रद्धेय प्रकाश भाई की देख-रेख में सैकड़ों बाबोसा भक्त कार्यक्रम की सफलता हेतु कार्यरत थे। घर-घर जाकर हजारों निमंत्रण पत्र भक्तों ने उत्साहपूर्ण एक ही दिन में वितरित कर अपनी मेहनत एवं लगन का परिचय दिया था।
परम आराधिका मंजू बाईसा आयोजन स्थल पर पधारी तो पूरा पंडाल उनके स्वागत में उठ खड़ा हुआ। श्री बाबोसा भगवान के गगनभेदी जयकारों से आसमान गुंजायमान हो उठाा। बाबोसा की लाडली ग्रुप की महिला भक्तों ने बाईसा के स्वागत में संगीतमय नृत्य प्रस्तुति दी। भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुति को समस्त भक्तों द्वारा तालियों की गूंज से साथ सराहा गया।
भजन प्रवाहिका नम्रता करवा, भजन प्रवाहक भरत छाजेड़ एवं दीपक दूगड़ के भजनों पर भक्त काफी देर तक झूमते रहे। कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण कलशनुमा केक भी था। इस केक को परम आराधिका मंजू बाईसा ने अपने पावन कर कमलों से वितरित किया। ज्ञातव्य है कि श्री हनुमान जी की शक्ति के रूप में पूजित श्री बाबोसा भगवान की कलयुग में घर-घर पूजा हो रही है। उनके दरबार में भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हो रही है। परम आराधिका मंजू बाईसा ने अपना जीवन श्री बाबोसा भगवान की सेवा में समर्पित कर दिया है। वे घर घर श्री बाबोसा भगवान की 3 फीट की मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा कर रही हैं। इस क्रम में उन्होंने हजारों मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की है। इसके साथ ही उन्होंने अभी तक अपने जीवन में 154 मंदिरों का लोकार्पण भी किया है। वे भक्तों से कभी पैसे या उपहार ग्रहण नहीं करती हैं।
परम आराधिका मंजू बाईसा ने भव्य दरबार में अपने पावन कर कमलों से श्री बाबोसा भगवान की 101 प्रतिमाओं का महाभिषेक किया। ये प्रतिमाएँ भाग्यशाली भक्तों को निशुल्क वितरित की गई। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया एवं श्री बाबोसा भगवान की हजारों लघु प्रतिमाएं निशुल्क वितरित की गई।
हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय परिवहन राज्यमंत्री, अनिल गोयल, विधायक कृष्णा नगर, अरविंदर सिंह लवली, विधायक गांधी नगर, जितेन्द्र महाजन, विधायक रोहताश नगर, संदीप कपूर निगम पार्षद, श्री राजू सचदेवा,निगम पार्षद इत्यादि विशिष्ट अतिथियों ने इस अवसर पर पधारकर बाईसा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।





