
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ शिक्षा विभाग में जिले के दो अतिथि अध्यापक बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर जिला संयोजक ईनामी सिंह तेवतिया, प्रधान रघु वत्स, सुन्दर भड़ाना, ललित शर्मा, भागीरथ शास्त्री, विनोद भाटी सहित कार्यकारणी के सदस्य उपस्थित रहे।
विदित हो कि ऊर्मिला रानी राजकीय प्राथमिक विद्यालय न्यू जनता कालोनी से व दलबीर सिंह राजकीय प्राथमिक विद्यालय छायंसा की सेवानिवृति पर उनके विद्यालयों में विदाई पार्टी आयोजित की गई। विदाई समारोह में उनके स्वस्थ रहने तथा भविष्य में अच्छा जीवन जीने के लिए शुभकामनाएं दीं गईं। इसी के साथ जिला संयोजक ईनामी सिंह तेवतिया ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि लम्बी सेवा के बाद भी अतिथि अध्यापकों को कुछ नहीं मिलता।
दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार ने अतिथि अध्यापकों के लिए एक्ट बनाया लेकिन एक्ट का कोई पत्र जारी नहीं किया। जिस कारण अतिथि अध्यापकों को सेवानिवृति पर खाली हाथ ही लौटना पड़ता है। इस अवसर पर परम सिंह रावत, अनुज गोदारा, मुख्य शिक्षक श्यामवीर गुप्ता, अन्जू पाराशर, मीनू कुमारी, गीता रानी अध्यापक विशेष रूप से उपस्थित रहे।







