
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / खजानी वीमेन’स वोकेशनल इंस्टिट्यूट, एनआईटी फरीदाबाद में आज दिवाली मेला बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक उमंग के साथ मनाया गया। इस मेले में छात्राओं ने अपने हाथों से बनाए गए सुंदर हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन किया।
मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. जयंत अहूजा, सीएमओ, बीके अस्पताल, फरीदाबाद द्वारा रिबन काटकर किया गया। उन्होंने छात्राओं की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि इस दिवाली *“मेड इन इंडिया”* उत्पादों को प्राथमिकता दें और स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन दें।
मेले में छात्राओं ने हैंडमेड दीये, मोमबत्तियाँ, तोरण, पोटली बैग, पेंटेड टी-शर्ट्स, कुशन कवर, सजावटी थाल, और क्रोशे आइटम्स जैसी वस्तुएँ प्रदर्शित कीं। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो उठा।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक संजय चौधरी ने कहा कि खजानी वीमेन’स वोकेशनल इंस्टिट्यूट न केवल व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास और भारतीय परंपराओं से जुड़ाव पर भी विशेष ध्यान देता है।
संस्थान विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रम जैसे *फैशन डिज़ाइनिंग एंड मर्चेंडाइजिंग, ब्यूटी कल्चर, फाइन आर्ट्स, आर्ट एंड क्राफ्ट, वेब डिज़ाइनिंग, स्मार्ट अकाउंटिंग, इंटीरियर डिज़ाइन, अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन (ECCE)* आदि के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बना रहा है।






