
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ अग्रवाल कॉलेज बल्लबगढ़ में परम श्रद्धेय लाला रतन सिंह गुप्ता की 5वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी आत्मिक शांति के लिए हवन एवं रोटरी क्लब ऑफ फरीदाबाद एक्सीलेंस के सहयोग से महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
इस सुअवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता (अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा प्रधान एवं गवर्निंग बॉडी अध्यक्ष) विशिष्ट अतिथि रोटेरियन श्री एच एल भूटानी (निर्देशक डिस्ट्रिक्ट ब्लड डोनेशन) रोटरियन श्री विकास गारोड़िया (अध्यक्ष) रोटेरियन श्री शरत चंद्र (सचिव ) रोटरियन श्री प्रशांत गुप्ता (कोषाध्यक्ष) रोट्रियन श्री दीपक प्रसाद (रक्तदान निर्देशक आरसीएफ एक्सीलेंस) एवम् अतिथि के रूप में रोटेरियन श्री नवीन पसरिचा (असिस्टेंट गवर्नर) उपस्थित रहे।
गर्वनिंग बॉडी महासचिव एडवोकेट श्री दिनेश कुमार गुप्ता की सदप्रेरणा से सामाजिक कल्याण हेतु युवाओं को रक्तदान महादान के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है।
अग्रवाल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ संजीव कुमार गुप्ता के संरक्षण में आयोजित इस रक्तदान शिविर से पूर्व दिनांक 28.09.2024 को विद्यार्थियों के लिए हीमोग्लोबिन जांच शिविर भी लगाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अग्रवाल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ संजीव गुप्ता के स्वागत भाषण से हुई जिसमें उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर शुरू से ही महाविद्यालय की एक नियमित विशेषता रही है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता ने सभी का अभिवादन करते हुए नैतिक मूल्यों से भरी कहानियों के माध्यम से रक्तदान का महत्व बताया और कहा कि सभी को अपना ब्लड ग्रुप अवश्य पता होना चाहिए।जो व्यक्ति रक्तदान जैसा महादान करता है ईश्वर हमेशा उसका साथ देता है। तत्पश्चात विशिष्ट अतिथि रोटेरियन श्री एच एल भूटानी ने रक्तदान के महत्व को बताते हुए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम अध्यक्ष रोटेरियन श्री विकास गारोडिया ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान निश्चय ही एक ऐसा महादान है जिसको करने के अनेक लाभ हैं।
उन्होंने बताया कि रक्तदान करने से नया खून लगभग एक सप्ताह में ही बन जाता है और रक्तदान द्वारा अनेक पुराने रोगों से भी बचा जा सकता है। सम्मानित अतिथि श्री प्रेम पसरिचा ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि रक्तदान महादान है और इसका कोई विकल्प नहीं है इसलिए जरूरी है कि आज की युवा पीढ़ी विशेषकर विद्यार्थी वर्ग इसमें बढ़-चढ़कर भाग ले।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी कर किया गया था। जिसमें चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मैडल भी दिए गए। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर निशांत राज, द्वितीय स्थान पर गुंजन, तृतीय स्थान पर श्रेया दत्त और सांत्वना पुरस्कार पाने वालों में नेहा एवम् चेष्टा रही।
कार्यक्रम संयोजक डॉ जयपाल सिंह के मार्गदर्शन में इस रक्तदान शिविर में न केवल विद्यार्थियों ने बल्कि प्रवक्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। लगभग 450 विद्यार्थियों ने अपनी सक्रिय भागीदारिता निभाई । 242 यूनिट इकट्ठा किया गया जो कि अपने आप में एक विशेष कीर्तिमान है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवम् स्टाफ के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।







