
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर दिनांक 12 जनवरी, 2023 को अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ की यूथ रेडक्रॉस यूनिट, यूनिवर्सिटी आउटरीच प्रोग्राम एवं सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत गुप्ता के मार्गदर्शन में ‘स्वामी विवेकानंद के जीवन एवं दर्शन’ विषय पर ऑनलाइन माध्यम से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
क्विज संयोजक डॉ. जयपाल सिंह, कॉर्डिनेटर यूथ रेडक्रॉस ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से 419 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया तथा क्विज में 216 प्रतिभागियों ने भाग लिया l
क्विज मास्टर सुभाष कलोरिया, यूथ रेडक्रॉस काउंसलर ने देर शाम घोषित परिणाम के आधार पर बताया कि मुकंद लाल नेशनल कॉलेज यमुनानगर के बीए थर्ड ईयर के छात्र अहमद अली ने प्रथम, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के बीटेक कंप्यूटर साइंस विभाग फर्स्ट ईयर के छात्र तुषार रस्तोगी ने द्वितीय तथा एआईजेएचएम जाट कॉलेज रोहतक की बीएससी थर्ड ईयर के छात्र अनुज खराब ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी विजेताओं को 500 प्रथम, 300 द्वितीय और 200 तृतीय नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अलावा 90% और उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भागीदारी ई-प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। क्विज आयोजन समिति के सह संयोजक डॉ. देवेंद्र, काउंसलर सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड व यूथ रेडक्रॉस काउंसलर श्री लवकेश ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा होती हैl कॉलेज प्राचार्य डॉ. कृष्ण कांत ने क्विज के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी।







