
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे/ अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ में बीए अर्थशास्त्र, बी.वोक, बीएससी (ऑनर्स) गणित, एमए हिंदी, एमए अर्थशास्त्र तथा एमएससी गणित विभागों के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की, जिन्होंने भावनाओं से परिपूर्ण वातावरण में अपने सीनियर्स को विदाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रंगारंग श्रृंखला प्रस्तुत की, जिसमें नृत्य, गायन, कविता पाठ एवं नाट्य प्रस्तुतियाँ प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों ने अपने कॉलेज जीवन के अनुभव साझा करते हुए आत्मीयता और भावुकता से भरपूर वातावरण निर्मित किया।
समारोह में अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के प्रधान व अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार गुप्ता, महाविद्यालय महासचिव एडवोकेट श्री दिनेश कुमार गुप्ता तथा प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता व कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. जयपाल सिंह की सत्प्रेरणा से यह कार्यक्रम अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. जयपाल सिंह जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भावुक शब्दों में कहा:
“आपकी ज़िंदगी में कभी ग़म ना हो,
आपकी आँखें कभी आँसुओं से नम ना हो,
आपको मिले ज़िंदगी भर की खुशी,
भले ही उस खुशी में हम ना हो।”
कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘मिस्टर फेयरवेल’ और ‘मिस फेयरवेल’ का चयन किया गया, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व से सबका दिल जीत लिया। समारोह के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर इस विदाई को एक अविस्मरणीय अनुभव में बदल दिया।
पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उमंग और भावनाओं की गहराई स्पष्ट रूप से महसूस की गई। यह विदाई समारोह न केवल विद्यार्थियों के लिए, बल्कि समस्त अग्रवाल कॉलेज परिवार के लिए भी एक ऐतिहासिक और भावनात्मक स्मृति बनकर रह गया।







