
कमला नेहरू पब्लिक स्कूल में ‘वार्षिक शैक्षणिक पुरस्कार समारोह’ का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस समारोह में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी साल भर की शैक्षणिक उपलब्धियों और कड़ी मेहनत के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि फरीदाबाद की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री तरुण कुमार (न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, पानीपत) और वसु मित्र सत्यार्थी (सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक, एस्कॉर्ट्स एवं प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता) उपस्थित रहे। इसके साथ ही आनंद गबा (सेवानिवृत्त सतर्कता प्रमुख, एएआई) और गीता गबा (संयुक्त महाप्रबंधक, एएआई) ने भी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ज्योति आर्य ने सभी नवागत अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए छात्रों की उपलब्धियों की सराहना की।
विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने प्रतिभावान छात्रों को ‘अचीवमेंट अवार्ड्स’ प्रदान किए। बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को देख अतिथियों ने विद्यालय के प्रयासों को सराहा।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया। उन्होंने विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए अपील की कि “पॉलीथीन का उपयोग पूरी तरह बंद करें। समाज को स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।” साथ ही उन्होंने बच्चों को आर्य समाज के सिद्धांतों पर चलकर उत्तम जीवन जीने की प्रेरणा दी। वसु मित्र सत्यार्थी ने छात्रों से जीवन के हर इम्तिहान में अव्वल रहने, माता-पिता की सेवा करने और गुरुओं का सदैव सम्मान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति आर्य ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर भारी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक उपस्थित रहे।



