
फरीदाबाद , जनतंत्र टुडे / कालका इंडस्ट्री में गत 16 फरवरी को हुए भयानक विस्फोट से हुई आगजनी पर काबू पाने के लिए ईमानदारी एवं निष्ठा से काम करते हुए शहीद हुए फायर विभाग के कर्मचारी भवीचंद शर्मा व रणवीर सिंह और पुलिस सब इंस्पेक्टर रवि सहित अन्य मरने वाले मजदूरों को सरकार ने अब तक कोई न्याय नहीं दिया है। जिसको लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की शाखा हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन ने फायर के शहीद कर्मचारियों को न्याय देने में सरकार द्वारा अपनाई जा रही उदासीनता से नाराज होकर 8 व 9 अप्रैल को दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल करने का किया ऐलान। जिसकी व्यापक तैयारियों की जा रही है।
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने फायर कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए ऐलान किया है कि प्रदेश के सभी पालिका,परिषद एवं नगर निर्गमन के कर्मचारी फायर विभाग के हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में एकजुटता प्रकट करते हुए 8 एवं 9 अप्रैल को प्रदेश भर में उल्टी झाड़ू कर जोरदार आक्रोश प्रदर्शन करेंगें और फायर कर्मचारी की मांगों को पूरा करने के लिए सरकार से मांग करेंगे । श्री शास्त्री ने चेतावनी दी है कि यदि फायर कर्मचारी की मांगों का तत्परता से सरकार ने समाधान नहीं किया और हड़ताली फायर कर्मचारियों की मांगों का सरकार ने समाधान नही किया तो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा भी सड़कों पर उतरकर फायर कर्मचारी के आंदोलन का समर्थन करेगा। उन्होंने सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि फरीदाबाद सूरजकुंड मेले में झूला दुर्घटना में शहीद हुए पुलिस इंस्पेक्टर को सरकार ने शहीद का दर्जा, आश्रित एक करोड रुपए और नौकरी सहित सभी लाभ दिए हैं तो सरकार फायर विभाग के कर्मचारियों व पुलिस कर्मचारी जो 16 फरवरी को आगजनी एवं विस्फोट दुर्घटना में शहीद हुए हैं, उनको शाहिद का दर्जा देने, एक करोड़ रूपया आर्थिक सहायता राशि, परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी देने में सरकार क्यों देरी कर रही है। उन्होंने सरकार पर फायर कर्मचारियों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि फायर कर्मचारियों को फायर सीजन में हड़ताल जैसा कठोर फैसला लेने को मजबूर किया है।
हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिण्द व महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि सेक्टर 24 फरीदाबाद स्थित कालकाजी इंडस्ट्री में 16 फरवरी को हुई दुर्घटना के बाद हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन ने महानिदेशक सहित विभाग के मंत्री विपुल गोयल को पूरी स्थिति से अवगत करवा दिया था। दोनों फायर कर्मचारियों की मृत्यु के बाद उनको दूरभाष एवं पत्राचार के माध्यम से अपनी मांग एवं आंदोलन के संदर्भ में भी सूचित कर दिया गया है, लेकिन सरकार फायर के कर्मचारियों को न्याय देने के मामले में चुप्पी साधे हुए है, इसलिए फायर कर्मचारियों ने मजबूर होकर हड़ताल करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि हड़ताल की तैयारी के लिए यूनियन के नेता हरियाणा के सभी अग्निशमन केंद्रो पर जनसंपर्क अभियान चलाकर हड़ताल की तैयारी की जा रही हैं, अग्निशमन कर्मचारियों में सरकार के प्रति गहरा आक्रोश है।




