फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ की एनएसएस की तीनों इकाइयों द्वारा दिनांक 04.03.2023 से 10.03.2023 तक सात दिवसीय शिविर का आयोजन महाविद्यालय प्राचार्य डॉ.कृष्णकांत जी के दिशा निर्देशन एवं संरक्षण में किया जा रहा है . आज सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो.डॉ.राजकुमार जी (डीन, स्टूडेंट वेलफेयर और प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर एनएसएस एमडीयू, रोहतक) और अध्यक्ष महोदय डॉ.कृष्ण कांत गुप्ता जी द्वारा दीपशिखा प्रज्जवलन के साथ किया गया । तत्पश्चात अध्यक्ष महोदय डॉ.कृष्ण कांत गुप्ता जी ने मुख्य अतिथि प्रो.डॉ. राजकुमार जी को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों ने अध्यक्ष महोदय डॉ.कृष्ण कांत गुप्ता को पौधा भेंट कर स्वागत किया । सर्वप्रथम एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस का लक्ष्य गीत गाया गया ।

तत्पश्चात कार्यक्रम अध्यक्ष महोदय डॉ.कृष्ण कांत गुप्ता जी द्वारा स्वागत भाषण दिया गया और इस शिविर की सफलता के लिए उन्होंने शुभकामनाएं भी दीं। एनएसएस स्वयंसेविका लक्ष्मी द्वारा एनएसएस के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में जानकारी दी गई । उसके बाद एनएसएस सेवक गौरव द्वारा रागिनी, पवन द्वारा मिमक्री और एनएसएस स्वयंसेविका हिमिका द्वारा कविता सुनाई गई। एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस की तीनों इकाइयों के गत वर्ष के सभी कार्यक्रमों और गतिविधियों को पीपीटी द्वारा दर्शाया गया। एनएसएस इकाई-एक की स्वयंसेविकाओं द्वारा हरियाणवी नृत्य प्रदर्शन किया गया। एनएसएस इकाई-दो के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक द्वारा पक्षपात को कम करने को लेकर संदेश दिया ।
मुख्य अतिथि प्रो.डॉ.राजकुमार ने अपने संबोधन में स्वयंसेवकों को बताया कि जीवन में मर्यादा का बहुत महत्व है और मर्यादाओं के साथ जीवन और व्यक्तित्व निखर जाता है । उन्होंने आगे कहा कि बड़ी मंजिल को पाने के लिए सलाह्कार और मार्गदर्शक का चुनाव ठीक होना चाहिए और साथ ही साथ उन्होंने आर.आइ.पी. का मन्त्र दिया जिसका अर्थ है रिपिटीबलटी, इंटीग्रीटी और डीकटीबलटी का समायोजन ।
मुख्य अतिथि प्रो.डॉ.राजकुमार ने अग्रवाल महाविद्यालय की तीनों एनएसएस इकाईयों को समाज सेवा और उत्थान में बढ़ चढ़ कर भाग लेने के लिए बधाई दी । मंच संचालन एनएसएस इकाई-एक से कार्यक्रम अधिकारी डॉ.सुप्रिया ढांडा द्वारा बहुत ही उम्दा तरीके से किया गया । इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की तीनों इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारी डॉo शोभना गोयल, डॉ.सुप्रिया ढांडा एवं डॉ.सीमा मलिक मौजूद रहे ।
अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ.शोभना गोयल ने सबका धन्यवाद किया और राष्ट्रगान से कार्यक्रम का समापन हुआ । इन आगामी सात दिनों में इस शिविर के मूल विषय जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त भारत, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति एवं चरित्र निर्माण आदि रहेंगे । साथ ही साथ आज ही के दिन अग्रवाल महाविद्यालय, बल्लबगढ़ के प्रांगण में अभिभावक- शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया . महाविद्यालय प्रांगण के सभी विभागों द्वारा अलग-अलग अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया ताकि अभिभावक सभी अध्यापकों से मिलकर अपने बच्चों की प्रगति के विषय में जान सकें . महाविद्यालय प्राचार्य डॉ.कृष्णकांत गुप्ता जी के निर्देशन में इसका आयोजन किया गया . प्राचार्य जी ने बताया कि इस तरह की बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों के अभिभावकों व शिक्षकों के मध्य दूरी को कम कर दोनों के बीच समुचित संवाद स्थापित करना है .
विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों ने अभिभावकों से चर्चा की जिसमें विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति, कक्षा परीक्षा अंक, असाइनमेंट, नैतिक मूल्य, इत्यादि तथ्यों पर विचार किया गया . अभिभावकों से प्रतिपुष्टि (फीड बैक) भी लिया गया . जिन विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति कम है और जिन विद्यार्थियों का कक्षा परिणाम अच्छा नहीं रहा उनके अभिभावकों को सूचित किया गया ताकि आगामी गृह परीक्षाओं व विश्वविद्यालय परीक्षाओं में वे अच्छा प्रदर्शन कर सकें . इस बैठक में लगभग 150 अभिभावकों ने हिस्सा लिया .
अभिभावकों ने महाविद्यालय के इस कदम की सराहना की और इस तरह की अभिभावक- शिक्षक बैठक के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा अपने बहुमूल्य सुझाव दिए . ज्ञातव्य है कि इस तरह की बैठक का आयोजन महाविद्यालय की नियमित गतिविधि है . डॉ. के.एल. कौशिक, अध्यक्ष गणित विभाग इस कार्यक्रम के समन्वयक रहे. इसके अतिरिक्त अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ के छात्रों ने वीनस इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन प्रा. लिमिटेड, पृथला का औद्योगिक दौरा किया। संकाय सदस्यों सुश्री शिल्पी गुप्ता और श्री प्रसून शर्मा के साथ बीबीए प्रथम वर्ष के 50 छात्रों का एक बैच दौरे पर गया। प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में महाविद्यालय इस तरह की गतिविधियों का संचालन करता रहता है। औद्योगिक दौरा विंग 3 के प्रभारी डॉ. संजीव गुप्ता के संरक्षण में आयोजित किया गया था।
प्रबंधन विभाग की डीन डॉ शिल्पा गोयल ने पूरे कार्यक्रम का समन्वय किया और छात्रों को यात्रा की वश्यकताओं और विवरणों के बारे में जानकारी दी। छात्र सुबह 9:00 बजे कॉलेज में इकट्ठे हुए और 9:30 बजे कंपनी के लिए निकल पड़े। सुबह 10:30 बजे जब टीम कंपनी के परिसर में पहुंची तो श्री एस.एन. पांडे, मानव संसाधन प्रबंधक, जो दौरे के समन्वयक भी थे, ने प्रवेश द्वार पर उनका स्वागत किया और उनकी कंपनी के बारे में संक्षिप्त परिचय दिया। वीनस इंडस्ट्रियल कॉर्पोरेशन प्रा. लिमिटेड मोटर वाहनों और उनके इंजनों जैसे ब्रेक, गियर बॉक्स, एक्सल, रोड व्हील, सस्पेंशन शॉक एब्जॉर्बर, रेडिएटर, साइलेंसर, एग्जॉस्ट पाइप, स्टीयरिंग व्हील, स्टीयरिंग कॉलम और स्टीयरिंग बॉक्स और अन्य पार्ट्स और एक्सेसरीज के लिए पुर्जों और एक्सेसरीज के निर्माण में शामिल है।
छात्रों ने मैन्युफैक्चरिंग एरिया का भ्रमण किया, जहां उन्हें फैक्ट्री के अंदर का नजारा देखने का मौका मिला। श्री एस.एन. पाण्डे, एक वृत्तचित्र फिल्म प्रदर्शित की गई, जिसमें संयंत्र के संचालन और संयंत्र के स्वचालन सहित इसके उत्पादन से संबंधित एक अंतर्दृष्टिपूर्ण प्रस्तुति दी गई। डॉक्यूमेंट्री का छात्रों ने खूब लुत्फ उठाया। उन्होंने संक्षेप में कंपनी के विविध कार्यों का भी वर्णन किया और उत्पादों के बाजार हिस्से पर भी प्रकाश डाला। औद्योगिक दौरा दोनों पक्षों की ओर से धन्यवाद ज्ञापन के साथ समाप्त हुई।