
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय, बल्लबगढ़ के प्रांगण में अभिभावक- शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया . महाविद्यालय प्रांगण के सभी विभागों द्वारा अलग-अलग अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया ताकि अभिभावक सभी अध्यापकों से मिलकर अपने बच्चों की प्रगति के विषय में जान सकें . महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत गुप्ता जी के निर्देशन में इसका आयोजन किया गया . प्राचार्य जी ने बताया कि इस तरह की बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों के अभिभावकों व शिक्षकों के मध्य दूरी को कम कर दोनों के बीच समुचित संवाद स्थापित करना है . विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों ने अभिभावकों से चर्चा की जिसमें विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति, कक्षा परीक्षा अंक, असाइनमेंट, नैतिक मूल्य,
इत्यादि तथ्यों पर विचार किया गया . अभिभावकों से प्रतिपुष्टि (फीड बैक) भी लिया गया . जिन विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति कम है और जिन विद्यार्थियों का कक्षा परिणाम अच्छा नहीं रहा उनके अभिभावकों को सूचित किया गया ताकि आगामी गृह परीक्षाओं व विश्वविद्यालय परीक्षाओं में वे अच्छा प्रदर्शन कर सकें . इस बैठक में लगभग 150 अभिभावकों ने हिस्सा लिया .
अभिभावकों ने महाविद्यालय के इस कदम की सराहना की और इस तरह की अभिभावक-शिक्षक बैठक के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा अपने बहुमूल्य सुझाव दिए . ज्ञातव्य है कि इस तरह की बैठक का आयोजन महाविद्यालय की
नियमित गतिविधि है . डॉ. के.एल. कौशिक, अध्यक्ष गणित विभाग इस कार्यक्रम के समन्वयक रहे .
