
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ के बी.ए. तृतीय वर्ष के छात्र शुभम ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक का प्रतिनिधित्व करते हुए 9 फ़रवरी 2023 से 12 फ़रवरी 2023 तक मानव रचना यूनिवर्सिटी फरीदाबाद में आयोजित इंटर यूनिवर्सिटी निशानेबाज़ी चैंपियनशिप के 25 मीटर पिस्टल राउंड में टीम में कांस्य पदक प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं बी.ए. द्वितीय वर्ष के छात्र शुभम बीसला ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स निशानेबाज़ी प्रतियोगिता में मिक्स टीम में रजत पदक प्राप्त किया।
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ के प्राचार्य डॉ. कृष्णकांत गुप्ता जी ने दोनों खिलाडियों का महाविद्यालय पहुंचने पर स्वागत किया तथा शुभकामना देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। प्राचार्य जी ने कहा कि केवल मेहनत, लगन, धैर्य ही सफलता का मूल मंत्र है जो जीत का दृढ़ संकल्प मन में रखकर परिश्रम करता है उसे लक्ष्य प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता। दोनों खिलाडियों की उपलब्धि पर अग्रवाल विद्या प्रचारिणी सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र गुप्ता जी ने बधाई देते हुए कहा कि कोशिश करने वालों को हमेशा सफलता मिलती है और वे अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करते हैं । उन्होंने आगे कहा कि खिलाडी राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर खेल समन्वयक डॉ. के. एल. कौशिक, शारीरिक शिक्षक डॉ. जगबीर सिंह और श्री मोहित हुड्डा उपस्थित रहे।
