
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ में स्ववित्तीय संस्थान में अंतर्विभागीय नृत्य प्रतिभा खोज “रूबरू टैलेंट हंट” द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। अग्रवाल महाविद्यालय प्राचार्य डॉ कृष्ण कांत गुप्ता की सदप्रेरणा से महाविद्यालय में अनेकानेक कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं कौशल को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं।
स्ववित्तीय संस्थान के प्रभारी डॉ संजीव गुप्ता के मार्ग दर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। सांस्कृतिक कमेटी की संयोजिका डॉ शिल्पा गोयल ने कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभारी महोदय एवं मुख्य अतिथि को पौधा भेंटकर स्वागत किया। डॉ संजीव गुप्ता ने सभी का अभिवादन करते हुए कार्यक्रम के सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों का हुनर बढ़ता है और मंच पर आने की हिचक खत्म होती है। साथ ही उन्होंने बताया कि अग्रवाल महाविद्यालय के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अग्रवाल संस्था द्वारा बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा उस कार्यक्रम के लिए इस प्रकार की प्रतिभाओं को खोजा जा रहा है और इस प्रकार के टैलेंटहंट का आयोजन किया गया है। इस टैलेंटहंट में निर्णायक मंडल में श्री अमित जैन (डायरेक्टर ऑफ ब्लैक पर्लइवेंट) और हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ रेणु माहेश्वरी रहीं। टैलेंटहंट के इस द्वितीय चरण का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों के नृत्य कौशल को और अधिक प्रवीणता से प्रस्तुत करवाना था। मंच संचालन श्रीमती मधु सिंगला द्वारा किया गया।
इस टैलेंटहंट में अनेकानेक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में सुविख्यात कोरियोग्राफर अमित जैन ने एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुति की बारी कियों को समझाया और प्रतिभागियों की प्रतिभा प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें आगामी कायक्रमों एवं प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में समन्वयक समिति के सदस्य शिल्पी गोयल, निशा, शिल्पी गुप्ता, मधु सिंगला, सुरभी जैन, रितिका और मोनिका सभी के सहयोग से यह नृत्य प्रतिभा प्रदर्शन का कार्यक्रम सफल एवं सार्थक रहा।
