
फरीदाबाद,जनतंत्र टुडे
अग्रवाल महाविद्यालय बल्लभगढ़ में महिला प्रकोष्ठ द्वारा “अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस” के उपलक्ष में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ० कृष्ण कांत गुप्ता की सद्प्रेरणा से महाविद्यालय में अनेकानेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। स्ववित्तिय संस्थान के प्रभारी डॉ० संजीव गुप्ता के मार्गदर्शन में यह व्याख्यान आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ-साथ स्वयं की सुरक्षा कैसे की जाए ? इस विषय में जागरूक करना था। अतिथि व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में इंस्पेक्टर सविता एवं एडवोकेट संगीता रावत उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आरंभ श्रीमती मधु सिंगला द्वारा किया गया। तत्पश्चात महिला प्रकोष्ठ की संचालिका एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ० रेनू माहेश्वरी ने पुष्प गुच्छ द्वारा अतिथियों का सम्मान करते हुए उन्हें व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया। एडवोकेट संगीता रावत ने सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के साथ छेड़खानी एवं अन्य प्रकार की हिंसा पर लागू धाराओं के प्रावधान के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की। इंस्पेक्टर सविता ने आभासी माध्यम द्वारा छात्राओं को स्वयं की सुरक्षा हेतु एवं सरकार द्वारा बनाए गए नियमों, कानूनों व विषम परिस्थितियों में सहायता हेतु पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 और 1015 के बारे में बताया। इस व्याख्यान में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की 82 छात्राओं ने भाग लिया और प्रश्नों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ० रेनू माहेश्वरी एवं हिंदी सहायक प्रवक्ता श्रीमती मधु सिंगला के प्रयासों से यह व्याख्यान सफल एवं सार्थक सिद्ध हुआ।
